Bihar Crime:दरभंगा-जयनगर NH पर दिनदहाड़े दुस्साहस, पटना के थोक व्यापारी के मुंशी से पिस्तौल के बल पर इतने लाख की लूट

Bihar Crime: बिहार में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बेखौफ नजर आए हैं। ...

पिस्तौल के बल पर लाखों की लूट- फोटो : X

Bihar Crime: बिहार में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बेखौफ नजर आए हैं। दरभंगा-जयनगर राष्ट्रीय राजमार्ग 527बी पर रविवार देर शाम हथियारबंद अपराधियों ने बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया।मधुबना के रहिका थाना क्षेत्र के बसौली चौक के समीप चार बाइक सवार बदमाशों ने पिस्तौल की नोक पर पटना के एक थोक व्यापारी के मुंशी से 16 लाख रुपये लूट लिए। वारदात के बाद अपराधी आराम से फरार हो गए। व्यस्त सड़क पर हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और कारोबारी वर्ग में दहशत का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, पटना के थोक व्यापारी राजू सुल्तानियां का मुंशी संजय कुमार जयनगर से अलग-अलग कारोबारियों और पार्टियों से बकाया रकम वसूलकर पिकअप वाहन से पटना लौट रहा था। उसके साथ वाहन में चालक, खलासी और एक अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे। इसी दौरान कपिलेश्वर स्थान के पास चार बाइक पर सवार अपराधियों ने पिकअप का पीछा करना शुरू कर दिया।

अपराधियों ने काफी दूर तक वाहन का पीछा किया और बसौली चौक पहुंचने से पहले पिकअप को ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया। वाहन रुकते ही हथियारबंद बदमाशों ने मुंशी को पिस्तौल दिखाकर धमकाया और उसके पास मौजूद 16 लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया। अचानक हुए इस हमले से वाहन में सवार लोग सकते में आ गए। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों अपराधी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित संजय कुमार सीधे रहिका थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी जानकारी दी। उन्होंने अपने मालिक को भी लूट की सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस गश्ती दल तत्काल सक्रिय हुआ और घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन शुरू की।

रहिका थानाध्यक्ष आनंद कुमार कश्यप ने बताया कि पीड़ित मुंशी का बयान दर्ज कर लिया गया है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस कपिलेश्वर स्थान से बसौली चौक और दरभंगा जाने वाले मुख्य मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। इसके जरिए अपराधियों की पहचान करने और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग पर हथियारबंद अपराधियों ने इतनी बड़ी रकम कैसे लूट ली और पुलिस कब तक उन्हें गिरफ्तार कर पाती है।