STF की बड़ी कार्रवाई, पटना का 25 हजार का इनामी विशाल सिंह झारखंड से गिरफ्तार, लूट-तिहरे हत्याकांड में आरोपी
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2019 में पटना के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र स्थित लोटस अपार्टमेंट में डकैती की चर्चित घटना हुई थी। उसमें विशाल संलिप्त था, साथ ही एक तिहरे हत्याकांड में भी इसकी तलाश थी
Bihar News : पटना में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिहार STF को बड़ी सफलता मिली है। STF की विशेष टीम ने झारखंड पुलिस और पटना जिला पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी विशाल कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस को वांछित था और उसके खिलाफ पटना के अलग-अलग थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को STF की विशेष टीम ने झारखंड पुलिस और पटना जिला पुलिस के साथ मिलकर झारखंड के बरियातु थाना क्षेत्र में छापेमारी की। इसी दौरान यारपुर निवासी विशाल कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया। वह पाटलिपुत्र थाना में वांछित था।
2019 के चर्चित लूटकांड में था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2019 में पटना के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र स्थित लोटस अपार्टमेंट में डकैती की चर्चित घटना हुई थी। इस मामले में पाटलिपुत्र थाना में धारा 394 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच के दौरान विशाल कुमार सिंह की इस घटना में संलिप्तता सामने आई थी। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
तिहरे हत्याकांड से भी जुड़ा नाम
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, विशाल कुमार सिंह पर पटना स्थित सचिवालय शाखा के SBI मैनेजर के घर हुई डकैती के दौरान हुए तिहरे हत्याकांड में भी संलिप्त रहने का आरोप है। इस मामले की जांच में भी उसका नाम सामने आया था।
तीन आपराधिक मामले दर्ज
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पटना जिले के विभिन्न थानों में डकैती और लूट समेत कुल तीन आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। इनमें पाटलिपुत्र थाना का 2019 का मामला भी शामिल है। STF और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के बाद अब गिरफ्तार विशाल कुमार सिंह से पूछताछ की जा रही है। पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और पूर्व की घटनाओं में उसकी भूमिका को लेकर भी जानकारी जुटा रही है।
अनिल की रिपोर्ट