कुंदन हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता : एक आरोपी गिरफ्तार एक विधि-विरुद्ध निरुद्ध, हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद

दुर्गापूजा के दौरान पटना सिटी में युवक की हुई हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया और एक किशोर को विधि-विरुद्ध निरुद्ध किया है.....

कुंदन हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता- फोटो : रजनीश

Patna : राजधानी पटना के खाजेकलां थाना क्षेत्र अंतर्गत गुजरी बाजार स्थित सेल्स टैक्स ऑफिस के समीप बीते 21 अक्टूबर की रात दशहरा मेले की भारी भीड़ के बीच सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया था। मोगलपुरा टिकिया टोली मोहल्ला निवासी नागेंद्र ठाकुर के पुत्र कुंदन कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस का खुलासा करते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है और एक युवक व एक किशोर को पकड़ने में सफलता हासिल की है।


एसपी पूर्वी शैलजा के निर्देश पर विशेष टीम ने की छापेमारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) शैलजा ने मामले के खुलासे और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए डीएसपी शिव शंकर कुमार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया था। गठित टीम ने तकनीकी अनुसंधान और खुफिया सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए घसियारी टोला निवासी रविशंकर मिश्र के 22 वर्षीय पुत्र अविनाश मिश्र उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया।


गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर किशोर निरुद्ध, हथियार बरामद

मुख्य आरोपी अविनाश मिश्र उर्फ गोलू से पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल एक विधि-विरुद्ध बालक (किशोर) को भी पुलिस ने निरुद्ध किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्याकांड में इस्तेमाल किया गया देसी कट्टा और तीन जिंदा गोलियां भी बरामद कर ली हैं, जिससे मामले में पुख्ता सबूत हाथ लगे हैं।


विसर्जन शोभायात्रा के दौरान नाच-गाने को लेकर हुआ था विवाद

सिटी एसपी पूर्वी शैलजा ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि दुर्गा पूजा विसर्जन शोभायात्रा के दौरान नाच-गाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जिसके बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस इस एंगल से भी गहराई से छानबीन कर रही है।


अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य फरार अपराधियों और संलिप्त लोगों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस घटना से जुड़े सभी आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।


रजनीश की रिपोर्ट