नवादा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ऑनलाइन लोन के नाम पर ठगी करने वाले दो साइबर अपराधी को दबोचा, 4 मोबाइल और फर्जी सिम बरामद
Nawada : जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के निर्देश और थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान, बलवापार (चकवाय) गांव के पास जारन बगीचा से दो संदिग्ध साइबर अपराधियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस की गिरफ्त में आए दोनों आरोपियों की पहचान गौरव कुमार 25 वर्ष, पिता - सत्यनारायण राम, निवासी चकवाय और नितीश कुमार 20 वर्ष, पिता-हारिका ठाकुर, निवासी मिर्जाबिघा के रूप में हुई है। ये दोनों वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के ही रहने वाले हैं।
बजाज और रिलायंस फाइनेंस के नाम पर लोन दिलाने का झांसा
पूछताछ में यह बात सामने आई है कि ये शातिर अपराधी बजाज फाइनेंस, रिलायंस फाइनेंस और अन्य नामी कंपनियों के नाम पर लोगों को आसानी से ऑनलाइन लोन दिलाने का झांसा देते थे। लोगों का भरोसा जीतने के लिए ये खुद को कभी बैंक मैनेजर तो कभी कंपनी का अधिकारी बताकर बात करते थे।
दस्तावेजों और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर ठगी
लोगों को अपने जाल में फंसाने के बाद ये आरोपी आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक की फोटोकॉपी, पासपोर्ट साइज फोटो और ईमेल आईडी जैसे निजी दस्तावेज मंगवा लेते थे और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर ऑनलाइन ठगी करते थे। तलाशी के दौरान इनके पास से 4 एंड्रॉयड मोबाइल और एक फर्जी सिम कार्ड बरामद किया गया है।
आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
इस मामले में वारिसलीगंज थाने में कांड दर्ज कर विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर इस साइबर ठगी से जुड़े अन्य अपराधियों और पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट