सुपौल के करजाइन में भीषण डकैती: संवेदक के घर हथियार के बल पर 60-65 लाख की लूट, परिवार को बनाया बंधक
Supaul : जिले के करजाइन थाना क्षेत्र में रविवार देर रात अपराधियों ने एक बड़ी डकैती की घटना को अंजाम दिया। करीब 10 से 12 की संख्या में आए नकाबपोश बदमाशों ने हथियार के बल पर संवेदक (ठेकेदार) सतेंद्र नारायण सिंह और उनके परिवार को बंधक बना लिया। बदमाशों ने सिर पर कट्टा सटाकर अलमारी की चाबी मांगी और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।
एक घंटे तक बेखौफ होकर की लूटपाट
पीड़ित परिवार के अनुसार, बदमाश घर की चहारदीवारी फांदकर अंदर दाखिल हुए थे। घटना के वक्त घर में सतेंद्र नारायण सिंह, उनकी पत्नी और उनकी मां मौजूद थीं। बदमाशों ने करीब एक घंटे तक इत्मीनान से घर की एक-एक अलमारी खंगाली और महिलाओं के पहने हुए जेवर भी उतरवा लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मुख्य दरवाजे की कुंडी बाहर से बंद करके फरार हो गए।
लाखों के जेवरात और नकदी लेकर हुए फरार
पीड़ित परिवार के मुताबिक, डकैत घर से लगभग 20 भरी सोने की चूड़ियां, 500 ग्राम चांदी, नकदी, कीमती कपड़े और अन्य बहुमूल्य सामान ले गए। लूटी गई कुल संपत्ति का अनुमानित मूल्य 60 से 65 लाख रुपये बताया जा रहा है। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है।
पुलिस और डीएसपी मौके पर, छानबीन जारी
घटना की सूचना मिलते ही करजाइन थाना पुलिस और वीरपुर डीएसपी राजीव कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे। करजाइन थानाध्यक्ष मनीष कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और कुछ हिस्सों को सील कर दिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।
विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट