नवादा में लापता मजदूर का शव मिला, हत्या का हुआ सनसनीखेज खुलासा, एक गिरफ्तार
Nawada : नवादा पुलिस ने मध्य प्रदेश के एक लापता मजदूर की गुमशुदगी का खुलासा करते हुए उसका शव बरामद किया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया गया है। रविवार को एसपी अभिनव धीमान की देखरेख में डीएसपी गुलशन कुमार ने इस पूरे मामले का खुलासा किया। जानकारी के अनुसार, 31 दिसंबर 2025 की रात थाली थाना क्षेत्र के जयपुर स्थित विष्णुदेव वर्मा के हेचरी फार्म में काम करने वाला मध्य प्रदेश का मजदूर सत्यराज साकेत लापता हो गया था।
इस संबंध में वादी पंकज कुमार वर्मा ने थाली थाने में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। यह मामला थाली थाना कांड संख्या 01/26, दिनांक 01.01.2026, धारा 137(2)/140(2)/3(5) भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, रजौली ने अंचल पुलिस निरीक्षक, रजौली के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया। एसआईटी को जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने का निर्देश दिया गया था।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के निर्देशन में एसआईटी ने मानवीय और तकनीकी सूचनाओं के आधार पर जांच की। टीम ने घटना के आरोपी विक्रम कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान विक्रम कुमार ने स्वीकार किया कि उसने और उसके साथियों ने जंगल में जानवरों को फंसाने के लिए 11000 वोल्ट की मुख्य लाइन से अवैध रूप से नंगा तार लगाया था।
विक्रम कुमार ने बताया कि घटना वाली रात वही मजदूर उस तार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उन्होंने शव को चोरी-छिपे पन्नी में बांधकर कड़री डोम क्षेत्र के जंगल में पहाड़ के पास पानी निकलने वाले ट्रेंच में पत्थरों से ढक दिया था।
विक्रम कुमार की निशानदेही पर राजपुर जंगल के कड़री डोम स्थित ट्रेंच से लापता मजदूर का शव पत्थरों के नीचे से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने विक्रम कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अन्य बिंदुओं पर अनुसंधान जारी है और विक्रम कुमार के अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्रम कुमार (19 वर्ष) पुत्र गोविंद मांझी, ग्राम-छपरा, थाना अकबरपुर, जिला नवादा के रूप में हुई है।
अमन की रिपोर्ट