Bihar Crime: तीन नाबालिगों के गायब होने से मचा हड़कंप, बरामदगी के बाद मानव तस्करी की आशंका से दहशत
Bihar Crime:एक साथ लापता हुईं तीन नाबालिग किशोरियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया।...
Bihar Crime: मोतीहारी के केसरिया थाना क्षेत्र से एक साथ लापता हुईं तीन नाबालिग किशोरियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया। तीनों सोमवार सुबह महम्मदपुर टोला दुम्मा स्थित अपने घर से निकली थीं और दोपहर तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों की सूचना के बाद पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए मंगलवार रात कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बखरी गांव स्थित एक घर से तीनों को बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में किशोरियों ने बताया कि उन्हें कथित तौर पर बहला-फुसलाकर बखरी गांव ले जाया गया था। उनके बयान में उन्हें आगे कहीं ले जाने और बेचने की तैयारी किए जाने की बात सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में मानव तस्करी के संभावित एंगल से जांच शुरू कर दी है। हालांकि इस दावे की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
मामले में कुशहर निवासी अभिजीत कुमार का नाम सामने आया है। पुलिस के मुताबिक किशोरियों ने उसके बारे में जानकारी दी है। परिजनों ने भी उसके खिलाफ आरोप लगाया है। घटना के बाद से अभिजीत फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे तीनों किशोरियां आईटीआई महम्मदपुर के समीप चवर में घास लाने की बात कहकर घर से निकली थीं। दोपहर 12:30 बजे तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।चकिया डीएसपी संतोष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर बखरी गांव में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान तीनों किशोरियां एक घर से सकुशल मिल गईं, जबकि पुलिस की भनक लगते ही कथित आरोपी फरार हो गया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि किशोरियों को किस उद्देश्य से वहां रखा गया था और इस मामले में अकेले आरोपी की भूमिका थी या किसी अन्य व्यक्ति अथवा संगठित नेटवर्क की भी संलिप्तता है। पुलिस के अनुसार अभिजीत के खिलाफ वर्ष 2022 में केसरिया थाना में शराब तस्करी का मामला भी दर्ज हुआ था और वह इस मामले में जेल जा चुका है। वर्तमान प्रकरण में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट- हिमांशु कुमार