गोलियों की गूंज से दहला बिहार, फिर निशाने पर व्यापारी,सालभर बाद दोबारा निशाने पर परिवार, बदमाशों ने पुलिस को दिया खुला चैलेंज!

Bihar Crime News: बिहार में अपराध का साया एक बार फिर गहरा गया, जब बेखौफ बदमाशों ने रात के अंधेरे में हार्डवेयर व्यवसायी के घर को निशाना बनाकर गोलियों की बौछार कर दी।...

गोलियों की गूंज से दहला बिहार- फोटो : reporter

Bihar Crime News: बिहार में अपराध का साया एक बार फिर गहरा गया, जब बेखौफ बदमाशों ने रात के अंधेरे में हार्डवेयर व्यवसायी के घर को निशाना बनाकर गोलियों की बौछार कर दी। इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत और खौफ का माहौल पैदा कर दिया है।

घटना मोतिहारी के हरसिद्धि थाना क्षेत्र के उज्जैन लोहियार गांव की है, जहां देर शाम दो बाइक पर सवार करीब पांच हथियारबंद अपराधी अचानक आ धमके। बदमाश सीधे घर के दरवाजे तक पहुंचे और बिना किसी खौफ के ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा गांव सहम गया लोगों में अफरा-तफरी मच गई, हर कोई अपनी जान बचाने के लिए छिपने लगा। उस वक्त घर में सिर्फ व्यवसायी  कामता मिश्र की पत्नी और उनकी दो बेटियां मौजूद थीं। अचानक हुई इस गोलीबारी ने उन्हें अंदर तक हिला दिया। जान बचाने के लिए तीनों ने खुद को घर के कोनों में छिपा लिया। गनीमत रही कि इस खौफनाक हमले में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन डर की लकीरें हर चेहरे पर साफ नजर आईं।

वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर बड़ी तेजी से मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि अपराधी देवराहा बाजार की तरफ से आए थे और फायरिंग के बाद गायघाट की ओर भाग निकले। घटना के समय कामता मिश्र खुद अपनी दुकान से घर लौट रहे थे अगर वो घर पर मौजूद होते, तो अंजाम और भी खतरनाक हो सकता था।

इस सनसनीखेज हमले की जड़ें पिछले साल की उस वारदात से भी जुड़ी बताई जा रही हैं, जब 30 मार्च 2025 को बदमाशों ने दिनदहाड़े दुकान में घुसकर कामता मिश्र को गोली मार दी थी। उस हमले में वे गंभीर रूप से घायल हुए थे और महीनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझते रहे। सूचना मिलते ही पुलिस महकमा हरकत में आ गया। अरेराज के डीएसपी रवि कुमार और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और संदिग्धों की पहचान की कोशिश तेज कर दी गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी स्वर्ण प्रभात ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। पुलिस ने इस मामले में एक ठेकेदार समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में लेन-देन और उधारी का विवाद सामने आ रहा है, जिसे इस हमले की बड़ी वजह माना जा रहा है। फिलहाल, पुलिस बदमाशों के गिरेबान तक पहुंचने के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है, लेकिन इस वारदात ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है आखिर कब तक यूं ही गोलियों की गूंज में जीते रहेंगे लोग?

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार