Motihari hooch tragedy UPDATE: मोतिहारी में जहरीली शराब पीने से अब तक 4 लोगों की मौत, कई के आंखों की रोशनी छीनी, चौकीदार निलंबित, SIT जांच में बड़े खुलासे के आसार

Motihari hooch tragedy: जहरीले जाम ने चार लोगों की जान ले ली, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।....

जहरीली शराब पीने से अब तक 4 लोगों की मौत- फोटो : reporter

Motihari hooch tragedy: मोतिहारी के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के बालगंगा गांव में कथित जहरीली शराब कांड ने एक बार फिर मौत और साजिश का खौफनाक चेहरा उजागर कर दिया है। अब तक इस जहरीले जाम ने चार लोगों की जान ले ली, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। कई लोगों की आंखों की रोशनी तक छिन गई, जिससे पूरे इलाके में खौफ का माहौल है।एसपी के अनुसार, 6 लोग अभी इलाजरत हैं और 7 लोग इलाज के बाद घर लौट चुके हैं।

इस सनसनीखेज कांड पर एसपी स्वर्ण प्रभात ने बड़ा एक्शन लेते हुए परसौना पंचायत के चौकीदार भरत राय को निलंबित कर दिया है। वहीं, मृतक प्रमोद यादव के परिजनों के आवेदन पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है, जिससे यह मामला अब महज हादसा नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश की तरफ इशारा कर रहा है।

पुलिस ने इस काले खेल के मुख्य साजिशकर्ता नागा राय को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है। इसके साथ ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए सदर डीएसपी के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया है, जिसमें साइबर डीएसपी और DIU टीम को भी शामिल किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, इस जहरीली शराब को दो दर्जन से अधिक लोगों ने पिया था, जबकि कई लोग अभी भी चोरी-छुपे इलाज करवा रहे हैं। 

याद दिला दें कि करीब ढाई साल पहले इसी इलाके के पांच थाना क्षेत्रों तुरकौलिया, हरसिद्धि, पहाड़पुर, सुगौली और रघुनाथपुर में जहरीली शराब कांड में 42 लोगों की मौत हुई थी।

फिलहाल पुलिस और उत्पाद विभाग की टीमें ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं। सवाल यही है क्या इस बार भी इस काले धंधे के पीछे छिपे असली चेहरे बेनकाब होंगे या फिर साजिश का यह जहर यूं ही जिंदगियां लीलता रहेगा?

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार