Bihar Crime: मोतिहारी में भूमाफिया पर पुलिस का शिकंजा, 27 लाख कैश, हथियार और 60 जमीन के दस्तावेजों से मचेगी खलबली;,पुलिसिया गठजोड़ की भी होगी जांच
Bihar Crime: पूर्वी चंपारण में भूमाफिया राकेश शर्मा के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है।...
Bihar Crime: पूर्वी चंपारण में भूमाफिया राकेश शर्मा के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। छतौनी थाना क्षेत्र के बड़ा बरियारपुर स्थित उसके आवास पर छापेमारी के दौरान हथियारों का जखीरा, भारी मात्रा में कारतूस, नकदी, अंग्रेजी शराब और जमीन से जुड़े 60 दस्तावेज बरामद होने के बाद पुलिस अब संपत्ति के राज खंगालने में जुटी है। जांच का दायरा हथियारों के लाइसेंस के सत्यापन से लेकर जमीन के स्वामित्व और फरार आरोपित की गिरफ्तारी तक फैल गया है। चंपारण परिक्षेत्र के डीआईजी हरकिशोर राय की समीक्षा के बाद मामले में पुलिसिया कार्रवाई तेज किए जाने की जानकारी सामने आई है।
डीआईजी की समीक्षा के बाद जांच तेज, गिरफ्तारी के लिए दो टीमें सक्रिय
मंगलवार की देर शाम डीआईजी हरकिशोर राय मोतिहारी पहुंचे और पूरे मामले की समीक्षा की। उन्होंने जब्त दस्तावेजों का अवलोकन किया तथा प्राथमिकी में दर्ज तथ्यों और अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली। इसके बाद जांच से जुड़े अधिकारियों को सभी पहलुओं की गहन पड़ताल करने और फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी करने का निर्देश दिया।छापेमारी के दौरान राकेश शर्मा अपने आवास पर नहीं मिला था। उसकी तलाश में पुलिस की दो टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस अब बरामद सामान और दस्तावेजों को आधार बनाकर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
दो राइफल, दो ऑटोमैटिक पिस्टल और 114 से अधिक कारतूस बरामद
पुलिस के अनुसार, राकेश शर्मा के आवास से छापेमारी के दौरान दो राइफल, दो ऑटोमैटिक पिस्टल और 114 से अधिक कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा अंग्रेजी शराब की छह बोतलें, 27 लाख रुपये नकद और जमीन से संबंधित 60 दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।अब पुलिस हथियारों के लाइसेंस और उनसे जुड़े कागजात का सत्यापन कर रही है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि बरामद हथियार वैध रूप से लाइसेंस प्राप्त हैं या उनके इस्तेमाल और रखरखाव में किसी नियम का उल्लंघन हुआ है। किसी भी अनियमितता की पुष्टि होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जमीन के 60 दस्तावेज खोलेंगे संपत्ति का हिसाब
इस कार्रवाई में बरामद 60 जमीन के दस्तावेज पुलिस की जांच का अहम हिस्सा बन गए हैं। इन कागजातों के आधार पर संबंधित भूखंडों के स्वामित्व, संपत्ति के विवरण और दस्तावेजों की वैधता का सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दस्तावेज किन जमीनों से संबंधित हैं और उनमें दर्ज विवरण वास्तविक अभिलेखों से मेल खाते हैं या नहीं।जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्राथमिकी में बेटे समेत तीन नामजद, एक आरोपी न्यायिक हिरासत में
छतौनी थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह के बयान पर दर्ज प्राथमिकी में राकेश शर्मा, उसके पुत्र साहिल राज और संजय कुमार को नामजद किया गया है। इसके अलावा दो अज्ञात लोगों को भी आरोपित बनाया गया है। पुलिस के मुताबिक, साहिल राज को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, राकेश शर्मा की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस अधिकारियों से कथित गठजोड़ की चर्चा, जांच पर टिकी निगाहें
मामले में कुछ सूत्रों के हवाले से भूमाफिया और पुलिस अधिकारियों के बीच कथित साठगांठ की जांच किए जाने की चर्चा भी सामने आई है।फिलहाल पुलिस का मुख्य फोकस बरामद हथियारों की वैधता, नकदी और जमीन के दस्तावेजों की पड़ताल तथा फरार राकेश शर्मा की गिरफ्तारी पर है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि इस मामले में कौन-कौन से तथ्य सामने आते हैं और किन लोगों के खिलाफ आगे कार्रवाई की जाती है।
रिपोर्ट- हिमांशु कुमार