Bihar Crime:रिमांड में टूटे बदमाश, लूट कांड का हुआ राज फाश, बुलेट के साथ मोबाइल-नकदी पुलिस ने किया बरामद
Bihar Crime: लूट के बाद अपराधी नेपाल में पनाह लेने की फिराक में थे, लेकिन लगातार पुलिस की दबिश और तकनीकी निगरानी ने उनकी चाल नाकाम कर दी।
Bihar Crime: पूर्वी चंपारण के मोतीहारी में पुलिसिया दबिश ने आखिरकार लुटेरों की कमर तोड़ दी। झरोखर थाना क्षेत्र में मुर्गी व्यवसायी से हुई सनसनीखेज लूट का राज तब खुला, जब कोर्ट में सरेंडर कर चुके अपराधियों को रिमांड पर लेकर सख्ती से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान बदमाश टूट गए और पूरी वारदात का कच्चा चिट्ठा खोल दिया।
सिकरहना डीएसपी उदय शंकर की अगुवाई में गठित टीम ने इस कांड का सफल उद्भेदन किया। 16 जनवरी को भंगहा के पास अपराधियों ने मुर्गी व्यापारी से 2,17,000 रुपये नेपाली मुद्रा, 14,100 रुपये भारतीय नकदी, रजिस्ट्रेशन नंबर BR05BR-0354 वाली बुलेट मोटरसाइकिल और वन प्लस मोबाइल लूट लिया था। घटना के बाद एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई और तकनीकी अनुसंधान के साथ-साथ मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई शुरू हुई।
19 जनवरी को पुलिस ने लाइनर मंतोष कुमार को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर अन्य आरोपियों के घरों पर छापेमारी हुई, लेकिन वे फरार मिले। पुलिस दबाव बढ़ा तो दो मुख्य आरोपी रंजन कुमार और मोनी कुमार ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद दोनों को 48-48 घंटे के रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई।
रिमांड के दौरान मोनी कुमार ने कबूल किया कि लूटा गया मोबाइल और 50,000 रुपये नेपाली उसके घर के भूसा रखने वाले कमरे में छिपाए गए हैं। पुलिस ने छापेमारी कर वहां से वन प्लस मोबाइल और नकदी बरामद कर ली। वहीं उसके साथी चुनचुन कुमार के घर के पीछे बांसवाड़ी से लूटी गई बुलेट बाइक भी बरामद कर ली गई।
पुलिस का कहना है कि अपराधी नेपाल में पनाह लेने की फिराक में थे, लेकिन लगातार दबिश और तकनीकी निगरानी ने उनकी चाल नाकाम कर दी। डीएसपी उदय शंकर ने साफ किया कि अपराधी चाहे कोर्ट में सरेंडर करें या फरार हों, कानून के शिकंजे से बच नहीं सकते।
फिलहाल पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश जारी है। मोतीहारी पुलिस का दावा है कि जिले में अपराध के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी सख्ती से चलता रहेगा।
रिपोर्ट- हिमांशु कुमार