Bihar Crime: सुबह सुबह SBI का ताला तोड़ बैंक में घुसे चोर, पुलिस को खुली चुनौती, मचा हड़कंप

Bihar Crime: बिहार में बेखौफ चोरों ने एक बार फिर पुलिस की चौकसी को चुनौती देते हुए ऐसी वारदात को अंजाम देने की कोशिश की, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी।

SBI का ताला तोड़ बैंक में घुसे चोर- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार में बेखौफ चोरों ने एक बार फिर पुलिस की चौकसी को चुनौती देते हुए ऐसी वारदात को अंजाम देने की कोशिश की, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में  चोरों का निशाना इस बार देश के सबसे बड़े सरकारी बैंकों में शामिल स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा बनी। रात के सन्नाटे में बदमाश बैंक का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और चोरी की कोशिश कर डाली। सुबह जब घटना की जानकारी मिली तो बैंक प्रबंधन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। यह मामला मोतिहारी के चिरैया थाना क्षेत्र के महुआवा गांव स्थित एसबीआई शाखा का है। बताया जा रहा है कि देर रात अज्ञात चोर बैंक परिसर तक पहुंचने में कामयाब हो गए। बदमाशों ने पहले बैंक की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और फिर मुख्य प्रवेश से लेकर खिड़की तक को निशाना बनाते हुए अंदर घुसने की साजिश रची। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरों ने खिड़की तोड़कर बैंक में दाखिल होने का प्रयास किया और कई जगहों पर तोड़फोड़ के निशान भी मिले हैं।

सुबह बैंक खुलने से पहले ही स्थानीय लोगों को कुछ संदिग्ध गतिविधियों का आभास हुआ। सूचना मिलते ही बैंक प्रबंधक मौके पर पहुंचे। बैंक के ताले टूटे देख उनके होश उड़ गए। कुछ ही देर में चिरैया थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और पूरे परिसर को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ बैंक के बाहर जुट गई। लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कोई इसे पुलिस गश्ती व्यवस्था की नाकामी बता रहा था तो कोई बैंक की सुरक्षा प्रणाली पर सवाल उठा रहा था। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।

बैंक प्रबंधन फिलहाल यह पता लगाने में जुटा है कि चोर अपने मंसूबों में कितना कामयाब हुए। बैंक मैनेजर नगदी, महत्वपूर्ण दस्तावेजों और अन्य अभिलेखों का मिलान कर रहे हैं। शुरुआती स्तर पर नुकसान का आकलन किया जा रहा है। हालांकि राहत की बात यह है कि बैंक के लॉकर पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

सिकरहना डीएसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला चोरी के प्रयास का प्रतीत होता है। बदमाशों ने ताला तोड़ा और बैंक में घुसने की कोशिश की, लेकिन सभी लॉकर सुरक्षित हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान की जा सके। जांच टीम यह भी पता लगाने में जुटी है कि बदमाश कितनी संख्या में थे और उन्होंने वारदात को अंजाम देने के लिए कौन-सा रास्ता अपनाया।

घटनास्थल पर मौजूद पुलिस टीम ने फोरेंसिक दृष्टिकोण से भी साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। टूटे हुए ताले, खिड़की और अन्य संदिग्ध स्थानों की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस का मानना है कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच से जल्द ही बदमाशों तक पहुंचा जा सकेगा।

फिलहाल इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस बैंक में लोगों की मेहनत की कमाई सुरक्षित रखने का दावा किया जाता है, उसी बैंक में चोरों की सेंधमारी की कोशिश ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अब सबकी निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि आखिर खाकी को चुनौती देने वाले इन शातिर चोरों तक पुलिस कब पहुंचती है।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार