Bihar Crime: पशु चारा लाने निकलीं तीन नाबालिग चचेरी बहनें लापता, अनहोनी की आशंका से परिजन बेचैन
Bihar Crime:तीन नाबालिग चचेरी बहनों के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है।...
Bihar Crime: मोतीहारी केसरिया थाना क्षेत्र के महम्मदपुर टोला दुम्मा गांव से तीन नाबालिग चचेरी बहनों के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। तीनों बच्चियां सोमवार को पशुओं के लिए चारा लाने की बात कहकर घर से निकली थीं, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिजनों ने आसपास के इलाकों से लेकर रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तक खोजबीन की, लेकिन बच्चियों का कोई सुराग नहीं मिला। घटना के बाद परिवार में बेचैनी का माहौल है।
परिजनों के मुताबिक, तीनों बच्चियां आईटीआई महम्मदपुर के आसपास पशुओं के लिए चारा लाने गई थीं। काफी देर बीत जाने के बाद जब वे घर नहीं लौटीं तो परिजनों को चिंता हुई। पहले आसपास के संभावित ठिकानों पर तलाश की गई। इसके बाद रिश्तेदारों और परिचितों से भी संपर्क किया गया, लेकिन कहीं से कोई जानकारी नहीं मिली।
लगातार खोजबीन के बावजूद बच्चियों का पता नहीं चलने पर परिजनों ने केसरिया थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया और पुलिस से उनकी तलाश कराने की गुहार लगाई। परिजन किसी अनहोनी की आशंका को लेकर परेशान हैं और जल्द से जल्द बच्चियों के सकुशल वापस लौटने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
इधर, आवेदन मिलने के बाद केसरिया पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस बच्चियों के लापता होने के कारणों और उनके संभावित ठिकानों का पता लगाने में जुटी है। आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई जा रही है।फिलहाल तीनों बच्चियों के लापता होने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस की जांच और तलाश के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।
रिपोर्ट- हिमांशु कुमार