Bihar crime:बेखौफ अपराधियों का कहर, जदयू नेता के आवास पर ताबड़तोड़ गोलीबारी से इलाके में दहशत का माहौल

:बेखौफ अपराधियों का कहर, जदयू नेता के आवास पर ताबड़तोड़ गोलीबारी से इलाके में दहशत का माहौल

जदयू नेता के घर पर फायरिंग - फोटो : Reporter

Bihar  crime मुंगेर जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद नजर आ रहे हैं कि कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए उन्होंने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के रतैठा गांव में देर रात बेखौफ बदमाशों ने जदयू नेता के घर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की और घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस अंधाधुंध गोलीबारी की आवाज से पूरा इलाका थर्रा उठा और स्थानीय लोगों के बीच दहशत व खौफ का माहौल कायम हो गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, यह पूरी वारदात हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के रतैठा गांव की है, जहां देर रात हथियारबंद अपराधियों ने जदयू के प्रखंड उपाध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ बबलू झा के घर पर हमला बोला। बदमाशों ने उनके आवास को केंद्र में रखकर कई राउंड गोलियां चलाईं। गनीमत रही कि इस गोलीबारी में परिवार के किसी सदस्य को कोई नुकसान नहीं पहुंचा, लेकिन इस घटना ने पूरे गांव की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

गोलीबारी की घटना के तुरंत बाद जदयू नेता राजीव रंजन ने मोबाइल फोन के जरिए हवेली खड़गपुर पुलिस को वारदात की इत्तला दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पंकज कुमार दल-बल के साथ फौरन घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और वहां से फायरिंग में इस्तेमाल किए गए कारतूस का खोखा बरामद किया, जिसे साक्ष्य के तौर पर कब्जे में ले लिया गया है।

इस मामले में हवेली खड़गपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अभय कुमार ने गोलीबारी की घटना की तस्दीक करते हुए बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि अपराधियों की शिनाख्त करने और इस वारदात के पीछे की असली वजह जानने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी और पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल सबसे अहम सवाल यह है कि आखिर जदयू नेता के घर को निशाना बनाकर गोलीबारी करने के पीछे अपराधियों की मंशा क्या थी? क्या यह किसी पुरानी रंजिश, वर्चस्व की लड़ाई या फिर दहशत फैलाने की सोची-समझी साजिश का हिस्सा है? पुलिस की तफ्तीश और जांच पूरी होने के बाद ही इस पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

रिपोर्ट  - इम्तियाज