Bihar Crime: बिहार में साइबर ठगी का सनसनीखेज मामला, शेयर मार्केट और बिजली विभाग के झांसे में फंसे पीड़ितों से करोड़ों की ऑनलाइन लूट, पुलिस ने जांच शुरू की

Bihar Crime: बिहार में साइबर ठगों ने डिजिटल दुनिया में अपनी चालाकी दिखाते हुए दो अलग-अलग मामलों में पीड़ितों को बड़े पैमाने पर ठग लिया।...

बिहार में साइबर ठगी का सनसनीखेज मामला- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार में साइबर ठगों ने डिजिटल दुनिया में अपनी चालाकी दिखाते हुए दो अलग-अलग मामलों में पीड़ितों को बड़े पैमाने पर ठग लिया। पहले मामले में मुंगेर जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर निवासी 35 वर्षीय पुष्पकमल झा को शेयर मार्केट में मुनाफे का झांसा देकर लगभग 26 लाख 85 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई।

पुष्पकमल ने गूगल पर शेयर ट्रेडिंग की जानकारी लेने के बाद एससीएसआईएल-106 ट्रेड रिसर्च इंस्टीट्यूट नामक प्लेटफॉर्म से संपर्क किया। शुरुआत में कम राशि लगाकर लाभ देखकर उनका भरोसा बढ़ा और उन्होंने बड़ा निवेश कर दिया। ठगों ने ऐप में वॉलेट बैलेंस 1 करोड़ 60 लाख रुपये दिखाकर झांसा दिया, लेकिन जब पैसे निकालने की कोशिश की तो रकम नहीं निकली और संपर्क नंबर ब्लॉक कर दिया गया।

दूसरे मामले में जमालपुर निवासी रंजन के साथ साइबर ठगों ने बिजली विभाग के अधिकारी बन कॉल कर मीटर अपडेट के नाम पर ऐप डाउनलोड कराया। इसके बाद उनके बैंक खाते से 3 लाख 35 हजार रुपये चोरी कर लिए गए।

साइबर थाना मुंगेर में पीड़ितों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साइबर थानाध्यक्ष सह डीएसपी ने आम लोगों से चेतावनी दी है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, यूपीआई पिन या निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

पुलिस ने यह भी कहा कि साइबर फ्रॉड की स्थिति में तुरंत 1930 नंबर पर संपर्क करें। डिजिटल दुनिया में सतर्कता ही सुरक्षा है। ज़रा-सी लापरवाही आपके जीवनभर की कमाई पर भारी पड़ सकती है।

मुंगेर का यह मामला साइबर अपराध की बढ़ती गंभीरता की बानगी है, जिसमें अपराधी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और कॉल के जरिए मासूम निवेशकों को अपना शिकार बना रहे हैं।

रिपोर्ट: मो. इम्तियाज खान