Bihar Crime: मुंगेर में बड़ी आपराधिक साजिश नाकाम, हथियारों के जखीरे के साथ दो शातिर गिरफ्तार

Bihar Crime: मुंगेर जिले में पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की साजिश पर समय रहते पानी फेर दिया। ...

आपराधिक साजिश नाकाम- फोटो : reporter

Bihar Crime: मुंगेर जिले में पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की साजिश पर समय रहते पानी फेर दिया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कटरिया स्थित एक बगीचे में बैठकर किसी संगीन अपराध को अंजाम देने की रणनीति बना रहे दो युवकों को पुलिस ने छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से एक दोनाली बंदूक, एक पिस्टल, दो मैगजीन और 13 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। हथियारों की बरामदगी के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस अब दोनों आरोपितों के आपराधिक नेटवर्क और साजिश में शामिल अन्य संदिग्धों की कुंडली खंगालने में जुटी है।

गुप्त सूचना पर पुलिस की दबिश, वारदात से पहले अपराधियों का मंसूबा ध्वस्त

मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को मुफस्सिल थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार कुणाल को गुप्त सूचना मिली कि कटरिया स्थित एक बगीचे में कुछ संदिग्ध युवक जमा होकर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना में बताया गया कि संदिग्धों के पास हथियार भी मौजूद हैं और वे अपराध की साजिश रच रहे हैं।मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष ने पुलिस टीम को तत्काल सक्रिय किया। इसके बाद पुलिस ने बिना देर किए कटरिया बगीचे में छापेमारी कर दी। अचानक पुलिस की दबिश पड़ते ही वहां मौजूद संदिग्धों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से दो युवकों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध हथियारों और जिंदा कारतूसों की खेप बरामद हुई।

दोनाली बंदूक, पिस्टल और 13 जिंदा कारतूस बरामद

पुलिस की तलाशी में एक दोनाली बंदूक, एक पिस्टल, दो मैगजीन और 13 जिंदा कारतूस मिले। इतनी बड़ी मात्रा में हथियार और गोलियां मिलने के बाद पुलिस को आशंका है कि गिरफ्तार युवक किसी गंभीर आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। हालांकि, प्रस्तावित अपराध की प्रकृति और साजिश के वास्तविक उद्देश्य को लेकर पुलिस की जांच जारी है।

कटरिया और लड़ैयाटांड़ के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपित

गिरफ्तार युवकों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कटरिया निवासी अक्षय कुमार तथा धरहरा थाना क्षेत्र के लड़ैयाटांड़ निवासी राजेश कुमार के रूप में हुई है। दोनों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उनके पास हथियार कहां से आए और इस आपराधिक साजिश के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

हथियारों के सप्लायर और आपराधिक नेटवर्क की तलाश में पुलिस

मुफस्सिल थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार कुणाल ने बताया कि अपराध की योजना बना रहे दोनों युवकों को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है। बरामद हथियारों के स्रोत का पता लगाने के साथ-साथ साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने की कार्रवाई भी चल रही है।पुलिस की इस कार्रवाई से संभावित आपराधिक वारदात को टालने में सफलता मिली है। अब जांच का मुख्य केंद्र हथियारों की सप्लाई करने वाले गिरोह, आरोपितों के आपराधिक संपर्क और इस साजिश में शामिल अन्य चेहरों का खुलासा करना है।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान