Bihar Crime: झूठे पॉक्सो केस का पर्दाफाश! बालिग होते ही युवती ने खोला राज,अपनों पर साजिश रचने का आरोप, पुलिस पर जबरन बयान का इल्ज़ाम, राष्ट्रपति से इंसाफ की गुहार
एक युवती ने बालिग होते ही पूरे मामले की परतें खोल दीं और सीधे राष्ट्रपति, राज्यपाल व पटना हाईकोर्ट को खत भेजकर इंसाफ की गुहार लगाई है। यह मामला अब सिर्फ एक केस नहीं, बल्कि कानून के संभावित दुरुपयोग और सिस्टम में साजिश की बड़ी कहानी बनता जा रहा है।..
Bihar Crime: मुंगेर जिले से एक ऐसा हाई-प्रोफाइल खुलासा सामने आया है जिसने सिस्टम की बुनियाद तक हिला दी है। धरहरा थाना क्षेत्र की एक युवती ने बालिग होते ही पूरे मामले की परतें खोल दीं और सीधे राष्ट्रपति, राज्यपाल व पटना हाईकोर्ट को खत भेजकर इंसाफ की गुहार लगाई है। यह मामला अब सिर्फ एक केस नहीं, बल्कि कानून के संभावित दुरुपयोग और सिस्टम में साजिश की बड़ी कहानी बनता जा रहा है।
युवती मौसमी कुमारी का आरोप है कि जब वह नाबालिग थी, तब उसे मोहरा बनाकर एक झूठा पॉक्सो केस गढ़ा गया। उसने अपने ही माता-पिता और करीबियों पर ‘साजिश रचने’ का संगीन इल्ज़ाम लगाया है। युवती के मुताबिक, इस पूरे खेल के पीछे सरकारी मुआवजे के 4 लाख रुपये का लालच था। उसने इस रकम को खून का पैसा करार देते हुए सरकार को लौटाने की इच्छा जताई है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस केस में आरोपी बनाए गए रवि कुमार को अदालत पहले ही उम्रकैद की सजा सुना चुकी है। लेकिन अब युवती का दावा है कि वह पूरी तरह बेगुनाह है और उसे जानती तक नहीं। उसने कहा कि नाबालिग होने के दौरान पुलिस के दबाव और परिवार के खौफ में आकर उसने अदालत में झूठी गवाही दी थी।
युवती ने धरहरा और जमालपुर थाने के तत्कालीन पुलिस अफसरों पर भी गंभीर आरोप जड़े हैं। उसका कहना है कि उसे करीब 30 घंटे तक गैरकानूनी हिरासत में रखकर मानसिक और शारीरिक रूप से टॉर्चर किया गया, और सीआरपीसी 164 के तहत जबरन बयान दिलवाया गया।
अब युवती ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए SIT गठित करने और 7 सितंबर 2022 के जमालपुर थाना के CCTV फुटेज खंगालने की मांग की है, ताकि सच्चाई बेनकाब हो सके। साथ ही उसने गलत चार्जशीट दाखिल करने वाले अफसरों पर कार्रवाई की भी मांग उठाई है। फिलहाल मामला पटना हाईकोर्ट में विचाराधीन है। यह केस अब इंसाफ बनाम साजिश की जंग बन चुका है देखना होगा कि सच्चाई कब और कैसे सामने आती है।
रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान