Bihar Crime: भगवान के घर में भीषण चोरी, लाखों के चांदी के जेवरात लेकर रफूचक्कर हुए शातिर, भक्तों में उबाल

Bihar Crime: आस्था के केंद्र मंदिर इन दिनों चोरों के निशाने पर है। थावे मंदिर, धर्मनाथ मंदिर और अब रानी सती मंदिर में चोरी...

भगवान के घर में भीषण चोरी- फोटो : reporter

Bihar Crime: आस्था के केंद्र मंदिर इन दिनों चोरों के निशाने पर है। थावे मंदिर, धर्मनाथ मंदिर और अब रानी सती मंदिर में चोरी।  मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर से एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शहर के मारवाड़ी टोला स्थित प्रतिष्ठित रानी सती मंदिर को जरायमपेशा तत्वों ने अपना निशाना बनाया है। भगवान की प्रतिमाओं की शोभा बढ़ाने वाले चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर चोरों ने न केवल मंदिर की पवित्रता को तार-तार किया है, बल्कि स्थानीय लोगों की धार्मिक भावनाओं को भी गहरी चोट पहुंचाई है।

घटना बीती देर रात की है, जब अंधेरे का फायदा उठाकर नकबजनों ने मंदिर के पिछले हिस्से में बने दरवाजे की कुंडी तोड़ी और गर्भगृह में घुसपैठ की। शातिर चोरों ने सुनियोजित तरीके से राम-जानकी मंदिर को निशाना बनाया और भगवान राम, लक्ष्मण व माता जानकी की प्रतिमाओं पर सुशोभित तीन चांदी के मुकुट, दो तीर और दो धनुष गायब कर दिए। दरिंदगी यहीं नहीं रुकी; चोरों ने खाटू श्याम बाबा और रानी सती दादी के मंदिर से भी चांदी के छत्र उड़ा लिए।

इस वारदात का खुलासा शुक्रवार की सुबह तब हुआ जब श्रद्धालु नित्य पूजा के लिए पहुंचे। मंदिर के गेट का ताला टूटा देख इलाके में कोहराम मच गया। मंदिर समिति के अनुसार, चोरी हुए चांदी के आभूषणों का वजन सवा किलो के करीब है, जिसकी बाजार में कीमत तीन से चार लाख रुपये आंकी जा रही है। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और बेचैनी का माहौल है।

मंदिर समिति के सदस्य रौनक सिंघानिया ने कहा कि मंदिर की मर्यादा को तार-तार करना निंदनीय है। हमने सभी स्वर्ण व्यवसायियों से गुजारिश की है कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति चोरी के आभूषण बेचने आता है, तो तुरंत पुलिस और समिति को सूचना दें।

सूचना मिलते ही हवेली खड़गपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना शुरू किया। पुलिस की टीम अब मंदिर के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है ताकि इन मुजरिमों की पहचान की जा सके। फिलहाल, पुलिस का दावा है कि जल्द ही इन चोरों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। क्या ये किसी गैंग का काम है या कोई स्थानीय अपराधी, यह जांच का विषय है। मंदिर परिसर में अब सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान