रिश्तों का कत्ल: नालंदा में संपत्ति विवाद में कलयुगी बेटे ने पिता को मारी गोली, हत्या से पहले छुए पैर
नालंदा जिले में संपत्ति के विवाद में एक पुत्र ने अपने ही पिता की सीने में गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है...
Nalanda : जिले के भागनबिगहा ओपी क्षेत्र अंतर्गत तूफानगंज गांव में बुधवार को खून के रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां संपत्ति के विवाद में एक पुत्र ने अपने ही पिता की सीने में गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पहचान 48 वर्षीय बच्चू पासवान के रूप में हुई है।
प्रणाम कर बातचीत के बहाने सुनसान जगह ले गया आरोपी
परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आरोपी पुत्र बुधवार दोपहर अचानक घर पहुँचा। उसने पहले अपने पिता के पैर छूकर उन्हें प्रणाम किया और फिर बातचीत करने के बहाने उन्हें घर से कुछ दूर एक सुनसान इलाके में ले गया। वहां पहुंचते ही उसने तमंचा निकालकर पिता के सीने में गोली दाग दी। गोली की आवाज सुनकर जब तक ग्रामीण मौके पर पहुँचे, आरोपी पुत्र वहाँ से फरार होने में सफल रहा।
दो शादियाँ और 25 साल पुराना पारिवारिक विवाद
मृतक के दूसरे पुत्र जितेंद्र पासवान ने बताया कि उसके पिता बच्चू पासवान ने दो शादियाँ की थीं। पहली पत्नी, जिसने करीब 25 वर्ष पहले आत्महत्या कर ली थी, उससे एक पुत्र अजब पासवान है। वहीं दूसरी पत्नी गुलाबी देवी से दो पुत्र और दो पुत्रियाँ हैं। आरोपी पुत्र अजब पासवान लंबे समय से संपत्ति को लेकर पिता से रंजिश रखता था और फिलहाल पटना जिले के फतुहा क्षेत्र में रह रहा था।
संपत्ति के बंटवारे से नाराज था पुत्र
परिजनों का आरोप है कि संपत्ति के बंटवारे को लेकर घर में अक्सर कलह होती थी। बंटवारे के तहत आरोपी को मकान मिला था, जबकि दूसरी पत्नी के हिस्से में जमीन आई थी। अजब पासवान इसी फैसले से नाखुश था और अक्सर विवाद करता रहता था। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए उसने सुनियोजित तरीके से इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया।
पुलिस की छापेमारी जारी, जल्द गिरफ्तारी का दावा
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल बच्चू पासवान को बिहार शरीफ सदर अस्पताल लाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है। प्रारंभिक जांच में पुत्र द्वारा ही हत्या किए जाने की बात पुष्ट हो रही है। पुलिस की टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।
राज की रिपोर्ट