Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में खूनी वारदात, 70 वर्षीय महिला का कत्ल, साइको किलर एंगल पर तफ्तीश तेज, SIT मैदान में

Bihar Crime:70 वर्षीय मरछिया देवी की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी।...

70 वर्षीय महिला का कत्ल- फोटो : reporter

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर जिले के पानापुर ओपी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। रमतोहमा गांव में 70 वर्षीय मरछिया देवी की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद गांव में अफरा-तफरी और खौफ का माहौल कायम हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस फौरन मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर तफ्तीश शुरू कर दी।

मृतका की पहचान बलदेव पंडित की पत्नी मरछिया देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि देर रात अज्ञात हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाते हुए गोली दाग दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस खूनी वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी ईस्ट-1 आलय वत्स, ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर और वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और फॉरेंसिक तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी। पुलिस को मौके से एक खोखा भी बरामद हुआ है, जिसे अहम सुराग माना जा रहा है।

वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि जिस परिवार में यह हत्या हुई है, वहां पहले भी दो हत्या की घटनाएं हो चुकी हैं। अब यह तीसरी वारदात है, जिसने जांच एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल किसी व्यक्तिगत रंजिश, जमीन विवाद या पारिवारिक दुश्मनी की पुष्टि नहीं हुई है।

एसएसपी ने खुलासे के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया है। पुलिस सभी पहलुओं पर तहकीकात कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका भी जताई जा रही है कि किसी साइको प्रवृत्ति के अपराधी ने इस संगीन जुर्म को अंजाम दिया हो। फिलहाल पुलिस कातिलों की तलाश में जुटी है और जल्द राजफाश का दावा कर रही है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा