Bihar Crime: बिहार में बदमाशों का कहर, हथियारबंद लुटेरों ने व्यापारी को बनाया निशाना,इलाके में हड़कंप

Bihar Crime: बिहार में एक बार फिर अपराधियों का तांडव देखने को मिला है।....

बिहार में बदमाशों का कहर- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार में एक बार फिर अपराधियों का तांडव देखने को मिला है। जैसे ही शाम का साया गहराया, वैसे ही बदमाशों के हौसले बुलंद हो गए। तुर्की थाना क्षेत्र में हथियारबंद अपराधियों ने सरेराह एक व्यापारी से लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला दी।

घटना तुर्की थाना क्षेत्र के छाजन चौड़ के पास की है, जहां शहर से घर लौट रहे एक व्यापारी को बाइक सवार तीन अपराधियों ने निशाना बनाया। हथियार के बल पर बदमाशों ने व्यापारी की बाइक और करीब 40 हजार रुपये नकद लूट लिए और फरार हो गए। वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, राहगीरों में खौफ फैल गया।

पीड़ित व्यापारी की पहचान तुर्की थाना क्षेत्र के थतिया गांव निवासी धीरज ठाकुर के रूप में हुई है। धीरज ठाकुर ने बताया कि वह शाम को मुजफ्फरपुर शहर के मिठनपुर स्थित अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। जैसे ही वह मेडिकल कॉलेज से आगे ईस्टर्न स्टेट के भवन के पास पहुंचे, तभी अपाची बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने रास्ता रोक लिया।

खतरे को भांपते हुए व्यापारी ने चालाकी दिखाने की कोशिश की और अपना मोबाइल फोन कुछ दूरी पर फेंक दिया, ताकि बदमाशों का ध्यान बंटे। लेकिन यह दांव उल्टा पड़ गया। मोबाइल फेंकते ही अपराधी आग-बबूला हो गए और व्यापारी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद हथियार दिखाकर उनकी बाइक और पर्स में रखे करीब 40 हजार रुपये छीन लिए और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

वारदात के बाद किसी तरह संभलते हुए धीरज ठाकुर ने पूरे मामले की सूचना तुर्की थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

फिलहाल तुर्की थाना पुलिस अपराधियों के भागने की दिशा में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बदमाशों की पहचान कर उन्हें दबोच लिया जाएगा। लेकिन बड़ा सवाल यही है कि जब शाम होते ही सड़कों पर लुटेरों का राज चलने लगे, तो आम आदमी खुद को कितना सुरक्षित माने? मुजफ्फरपुर में बढ़ते अपराध ने एक बार फिर पुलिसिया गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा