Bihar Crime: सरेंडर करो वरना होगी कुर्की-जब्ती, मुजफ्फरपुर में हत्या आरोपी के घर बैंड-बाजे के साथ पहुंची पुलिस, अपराधियों को खुली चेतावनी

Bihar Crime: बिहार में अपराध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है।...

सरेंडर करो वरना होगी कुर्की-जब्ती- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार में अपराध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है। सम्राट चौधरी सरकार के गठन के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक सख्ती और पुलिस की आक्रामक कार्यशैली साफ तौर पर नजर आ रही है। एनकाउंटर से लेकर फरार आरोपियों की संपत्तियों पर कार्रवाई और कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया तक, अपराधियों के खिलाफ लगातार दबाव बनाया जा रहा है। इसी कड़ी में मुजफ्फरपुर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

मुजफ्फरपुर के बरियारपुर थाना क्षेत्र में हत्या के एक फरार आरोपी के खिलाफ पुलिस ने अनोखे अंदाज में इश्तहार तामिला की कार्रवाई की। बरियारपुर थाना अध्यक्ष शिवचंद्र कुमार और दरोगा सनोबर प्रवीण के नेतृत्व में भारी पुलिस बल बैंड-बाजे के साथ छपरा बहोर गांव पहुंचा। पुलिस ने आरोपी के घर के बाहर माइकिंग कर स्पष्ट संदेश दिया कि वह जल्द से जल्द अदालत या पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण करे, अन्यथा उसके खिलाफ कुर्की-जब्ती की कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी।

पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान गांव में अलग ही माहौल देखने को मिला। बैंड-बाजे और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के पहुंचते ही आसपास के लोग अपने घरों से निकलकर मौके पर जुट गए। ग्रामीणों के बीच इस कार्रवाई को लेकर काफी चर्चा होती रही। पुलिस ने न्यायालय के आदेश के तहत विधिवत इश्तहार चस्पा किया और आरोपी को निर्धारित समय के भीतर हाजिर होने की चेतावनी दी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या जैसे गंभीर मामलों में फरार चल रहे आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। कानून से बचने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया के तहत पहले इश्तहार और उसके बाद कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।

इस तरह की कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। पुलिस का मानना है कि ऐसे कदमों से फरार अपराधियों पर दबाव बढ़ेगा और वे कानून के सामने आत्मसमर्पण करने को मजबूर होंगे। फिलहाल बरियारपुर पुलिस की यह कार्रवाई पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और इसे अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा माना जा रहा है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा