Bihar Crime:सुबह-सुबह गोली से छलनी अज्ञात युवक की मिली लाश, शव के पास से पिस्टल हुआ बरामद

Bihar Crime: एक युवक का शव संदिग्ध हालात में बरामद हुआ। सिर के आर-पार गोली लगने के निशान ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी।

गोली से छलनी युवक की मिली लाश- फोटो : reporter

Muzaffarpur: जिले  में सुबह की ख़ामोशी उस वक्त ख़ौफ़ और सनसनी में बदल गई, जब एक युवक का शव संदिग्ध हालात में बरामद हुआ। सिर के आर-पार गोली लगने के निशान ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। वारदात मुजफ्फरपुर जिले के बोचहां थाना क्षेत्र के भूसाही गांव की है, जहां खेत-पगडंडी के पास युवक की लाश मिलने से हड़कंप मच गया।

स्थानीय लोगों की नजर जब खून से सने शव पर पड़ी तो फौरन पुलिस को खबर दी गई। मौके पर पहुंची बोचहां थाना पुलिस ने जब मुआयना किया तो युवक के सर में आर-पार गोली पाए जाने की पुष्टि हुई। हैरानी की बात यह रही कि शव के पास से एक पिस्टल भी बरामद हुई है, जिसने मामले को और पेचीदा बना दिया है।

घटनास्थल को देखते ही यह साफ था कि मामला साधारण नहीं है। पुलिस ने फौरन इलाके को सील कर दिया और साक्ष्यों से छेड़छाड़ न हो, इसके लिए चौकसी बढ़ा दी गई। थोड़ी ही देर में एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी मौके पर पहुंची और खून के छींटे, कारतूस के अवशेष और पिस्टल समेत तमाम सबूतों को बारीकी से खंगालना शुरू कर दिया।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है यह कत्ल है या खुदकुशी? सिर के आर-पार गोली और पास में पिस्टल मिलने से पुलिस दोनों एंगल से तफ्तीश कर रही है। पुलिस अफसरों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही तस्वीर साफ हो पाएगी।

पुलिस के मुताबिक, अभी तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव की पहचान के लिए आसपास के थानों में सूचना भेज दी गई है। हालांकि, सूत्रों की मानें तो मृत युवक की पहचान अहियापुर थाना क्षेत्र के बैंरिया इलाके के आसपास रहने वाले युवक के रूप में की जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।

इलाके में चर्चा है कि युवक की मौत के पीछे अपराधी रंजिश, सुपारी किलिंग या फिर अंडरवर्ल्ड कनेक्शन भी हो सकता है। पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी है और यह साफ कर दिया गया है कि सच चाहे जितना भी संगीन क्यों न हो, जल्द बेनकाब किया जाएगा।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा