Bihar EOU Raid: प्रखंड प्रमुख अफजल आलम पर EOU का शिकंजा, मुजफ्फरपुर से सीतामढ़ी तक एक साथ छापेमारी, 1.25 करोड़ की अवैध संपत्ति का आरोप
Bihar EOU Raid: मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी में आर्थिक अपराध इकाई ने गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी प्रखंड प्रमुख अफजल आलम के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की।...
Bihar EOU Raid: मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी में आर्थिक अपराध इकाई ने गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी प्रखंड प्रमुख अफजल आलम के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। इस कार्रवाई से दोनों जिलों में हड़कंप मच गया है। EOU की अलग-अलग टीमें सुबह से ही विभिन्न ठिकानों पर पहुंचकर दस्तावेजों और संपत्ति से जुड़े अभिलेखों की पड़ताल कर रही हैं। मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र अंतर्गत मकसूदपुर में भी छापेमारी की जा रही है। इसके अलावा सीतामढ़ी में भी अफजल आलम से जुड़े कई ठिकानों पर जांच अभियान चलाया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अफजल आलम पर कथित तौर पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का गंभीर आरोप है। जांच एजेंसी के अनुसार, उन्होंने अपनी ज्ञात आय के मुकाबले करीब 259.94 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित की है। आरोप है कि इस दौरान एक करोड़ 25 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति अवैध तरीके से जमा की गई। इसी मामले में आर्थिक अपराध इकाई ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए एक साथ कई स्थानों पर दबिश दी है।
छापेमारी के दौरान टीम संपत्ति के कागजात, बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन और अन्य अहम दस्तावेजों की जांच कर रही है। इसके साथ ही चल और अचल संपत्तियों से जुड़े ब्योरे भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि अर्जित संपत्ति और घोषित आमदनी के बीच अंतर का पता लगाया जा सके।
फिलहाल छापेमारी जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही बरामदगी और अन्य तथ्यों की विस्तृत तस्वीर साफ हो सकेगी। इस कार्रवाई को आय से अधिक संपत्ति के मामलों में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा