बिहार में दहला देने वाली वारदात, प्यार का रिश्ता बना खौफ का कारण, पति ने सोती पत्नी पर डाला तेजाब

Bihar Acid Attack: एक शख्स ने अपनी ही पत्नी पर तेजाब डालकर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। इस खौफनाक वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

प्यार का रिश्ता बना खौफ का कारण- फोटो : reporter

Bihar Acid Attack: मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर इलाके से एक ऐसी दरिंदगी सामने आई है, जिसने पति-पत्नी के पवित्र रिश्ते को शर्मसार कर दिया। बखरी गांव में एक शख्स ने अपनी ही पत्नी पर तेजाब डालकर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। इस खौफनाक वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पीड़िता उर्मिला देवी पर उसके पति भोली राय ने उस वक्त हमला किया, जब वह बेखबर नींद में सो रही थी। आरोप है कि आरोपी ने पहले भी कई बार उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की थी, लेकिन इस बार उसने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। अहले सुबह उसने चुपके से पत्नी के चेहरे पर तेजाब उड़ेल दिया और मौके से फरार हो गया।

हमले के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। गंभीर रूप से झुलसी महिला को उसकी बेटी ने तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) रेफर कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में खुलासा किया है कि उसका पति अक्सर उसके साथ मारपीट करता था और पहले भी तेजाब से हमला कर चुका था। यानी यह कोई अचानक हुआ गुनाह नहीं, बल्कि लगातार जुल्म की कड़ी का खौफनाक अंजाम है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से सबूत जुटाए गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल इस वारदात ने एक बार फिर समाज को झकझोर कर रख दिया है जहां भरोसे का रिश्ता ही खौफ का कारण बन गया। सवाल उठता है कि आखिर कब तक घरेलू हिंसा इस तरह खामोशी में पलती रहेगी और ऐसे दरिंदे रिश्तों की आड़ में वारदात करते रहेंगे?

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा