Bihar Crime: CSP में घुसे नकाबपोश बदमाश, 50 हजार लूटकर हवाई फायरिंग करते फरार, पुलिस CCTV खंगालने में जुटी

Bihar Crime: बेखौफ बाइक सवार तीन अपराधियों ने फिल्मी स्टाइल में SBI के ग्राहक सेवा केंद्र को अपना निशाना बना लिया। ...

हथियार के बल पर लूट की वारदात- फोटो : reporter

Bihar Crime: बेखौफ बाइक सवार तीन अपराधियों ने फिल्मी स्टाइल में SBI के ग्राहक सेवा केंद्र को अपना निशाना बना लिया। लूट की इस वारदात ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया, वहीं पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई, जो अब पुलिस के लिए अहम सुराग बन चुकी है।मुजफ्फरपुर के सकरा थाना इलाके के दरधा में बुधवार की शाम सनसनी फैल गई।मिली जानकारी के मुताबिक, SBI के ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक संजीव कुमार रोज की तरह अपने केंद्र पर बैठे हुए थे। इसी दौरान एक ग्राहक पैसे जमा कराने पहुंचा था और कैश का मिलान चल रहा था। तभी करीब शाम 4 बजे एक तेज रफ्तार बाइक पर सवार तीन अपराधी मौके पर आ धमके। इनमें से एक बाइक पर ही मुस्तैद रहा, जबकि दो बदमाश अंदर घुस गए।

अंदर घुसते ही अपराधियों ने कमर से हथियार निकाल लिया और गन पॉइंट पर संचालक को अपने कब्जे में ले लिया। महज कुछ सेकेंड में ही बदमाशों ने 50 हजार रुपए कैश समेट लिया। पूरी वारदात इतनी तेजी और साजिशी अंदाज में अंजाम दी गई कि मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।

लूट को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने इलाके में खौफ कायम करने के लिए हवाई फायरिंग भी की और फिर आराम से बाइक पर सवार होकर मुजफ्फरपुर की दिशा में फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग सहम गए और मौके पर अफरातफरी मच गई।

CCTV फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह अपराधी बेखौफ अंदाज में आए, वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। इस क्राइम सीन की तस्वीरें अब इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों को खंगाला जा रहा है ताकि अपराधियों की पहचान हो सके। वहीं, SDPO ईस्ट-2 मनोज कुमार सिंह ने फोन पर बताया कि लूट की वारदात की पुष्टि हुई है और भागने के दौरान फायरिंग की भी बात सामने आई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस सनसनीखेज लूटकांड का पर्दाफाश कर अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा