Bihar Crime: मुखिया की बहु निकली शराब तस्कर, विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार, साख पर उठे सवाल

मुखिया की बहु निकली शराब तस्कर- फोटो : reporter

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर जिले में शराबबंदी कानून के बावजूद विदेशी शराब के कथित कारोबार का मामला सामने आया है। करजा थाना क्षेत्र के बड़का गांव में उत्पाद विभाग की टीम ने छापेमारी कर एक महिला को अलग-अलग ब्रांड की विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला की पहचान बड़का गांव निवासी मनोज कुमार की पत्नी रानी कुमारी के रूप में हुई है। उत्पाद विभाग के मुताबिक रानी कुमारी वर्तमान मुखिया सूरज प्रसाद गुप्ता की पुतोह है। गिरफ्तारी के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है और स्थानीय जनप्रतिनिधि की साख को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

दरअसल, उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि बड़का गांव में एक महिला द्वारा कथित तौर पर विदेशी शराब का कारोबार किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए इंस्पेक्टर के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। इसके बाद टीम ने बड़का गांव स्थित रानी कुमारी के घर पर दबिश दी।

छापेमारी के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने अलग-अलग ब्रांड की विदेशी शराब बरामद करने का दावा किया। मौके से रानी कुमारी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद शराब की मात्रा और विभिन्न ब्रांडों का विस्तृत ब्योरा विभागीय कार्रवाई के तहत दर्ज किया गया है।

उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार के मुताबिक गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। टीम ने महिला के घर से विदेशी शराब बरामद की और उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल गिरफ्तार महिला से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के आधार पर शराब के कथित नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

मुखिया की पुतोह की गिरफ्तारी के बाद अब यह मामला सिर्फ शराब बरामदगी तक सीमित नहीं रह गया है। पुलिस और उत्पाद विभाग की तफ्तीश में यह स्पष्ट होगा कि शराब कहां से लाई गई थी और इसके कथित कारोबार से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। फिलहाल उत्पाद विभाग की कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप की स्थिति है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा