Bihar Crime: भाई ने दोस्त संग मिलकर बहन को मार डाला, झाड़ी में फेंका शव, प्रेम विवाह और सोशल मीडिया पोस्ट बनी मौत की वजह

Bihar Crime: प्रेम विवाह और सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करने को लेकर रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। ...

भाई ने दोस्त संग मिलकर बहन को मार डाला- फोटो : reporter

Bihar Crime: प्रेम विवाह और सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करने को लेकर रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। आरोप है कि अपनी मर्जी से शादी करने और सोशल मीडिया पर वीडियो डालने से नाराज भाई ने अपने दोस्त के साथ मिलकर सगी बहन की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद शव को रेलवे गुमटी के किनारे झाड़ियों में फेंक दिया गया। मुजफ्फरपुर में 7 अक्टूबर को मिले अज्ञात युवती के शव की पहचान सादतपुर निवासी हरेंद्र राय की बेटी रेनू के रूप में हुई। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मृतका के भाई मनीष कुमार को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका कथित साथी अब भी फरार है।

9 महीने पहले किया था प्रेम विवाह, सोशल मीडिया पोस्ट से बढ़ी नाराजगी

पुलिस के अनुसार, रेनू ने करीब नौ महीने पहले अपनी मर्जी से रामपुर हरि निवासी प्रिंस नाम के युवक से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद रेनू सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर पोस्ट करती थी। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर उसका भाई मनीष नाराज था। पुलिस की जांच में प्रेम विवाह और सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है।हालांकि, इस विवाद ने किस तरह हत्या का रूप लिया और वारदात की पूरी साजिश कैसे रची गई, इसकी विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

रेलवे गुमटी के पास झाड़ी में मिला था शव

7 अक्टूबर को कांटी थाना क्षेत्र के सादतपुर में रेलवे गुमटी के किनारे झाड़ियों में एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में मृतका की पहचान रेनू के रूप में हुई।बेटी का शव मिलने के बाद पिता हरेंद्र राय ने कांटी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने बेटी की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की तह तक पहुंचने के लिए जांच शुरू की। घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए गए।

तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ से भाई तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर की निगरानी में और एसडीपीओ पश्चिमी-1 के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और आसूचना के आधार पर संदिग्धों की पड़ताल शुरू की।जांच के क्रम में मृतका के भाई मनीष कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान मनीष ने अपने दोस्त के साथ मिलकर बहन की हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने कथित तौर पर दुपट्टे से गला दबाकर रेनू की हत्या की और शव को झाड़ी में फेंक दिया।

हत्या में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद, दूसरा आरोपी फरार

पुलिस ने गिरफ्तार मनीष की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में शामिल दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। इस वारदात ने पारिवारिक रिश्तों, महिलाओं की पसंद से जुड़े फैसलों और सामाजिक दबाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, हत्या के पीछे की परिस्थितियों और आरोपियों की भूमिका से जुड़े सभी पहलुओं का अंतिम निर्धारण न्यायिक प्रक्रिया के दौरान होगा। फिलहाल, पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा