Bihar Crime: युवक की हत्या से भड़का गुस्सा, आधा दर्जन से अधिक घरों में आगजनी, इलाके में तनाव

Bihar Crime: युवक की चाकू मारकर हत्या के बाद रविवार की सुबह जमकर बवाल हुआ।

खूनी वारदात के बाद तांडव!- फोटो : reporter

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर जिले के करजा थाना क्षेत्र में युवक की चाकू मारकर हत्या के बाद रविवार की सुबह जमकर बवाल हुआ। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही मृतक नवनीत कुमार का शव गांव पहुंचा, परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। देखते ही देखते आक्रोश ने उग्र रूप ले लिया और भीड़ ने आरोपियों के घरों को निशाना बनाते हुए आधा दर्जन से अधिक घरों में आग लगा दी। आगजनी की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस-प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। कई थानों की पुलिस के साथ अतिरिक्त बल को मौके पर उतारा गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर खुद घटनास्थल पर कैंप कर रही हैं।

मेला घूमने निकला था नवनीत, दोस्तों के बीच खूनी झड़प में गई जान

मिली जानकारी के मुताबिक, करजा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर खाजे गांव निवासी नवनीत कुमार देर रात अपने करीब आधा दर्जन दोस्तों के साथ मेला घूमने निकला था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद दोस्तों ने नवनीत की जमकर पिटाई की और उस पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल नवनीत को इलाज के लिए ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। लेकिन रविवार सुबह शव गांव पहुंचते ही मातम का माहौल गुस्से में बदल गया। परिजनों की चीख-पुकार और स्थानीय लोगों के आक्रोश के बीच हालात बेकाबू होने लगे।

शव पहुंचते ही भड़का आक्रोश, परतापुर में आगजनी से मची भगदड़

नवनीत की मौत से गुस्साए लोग परतापुर गांव पहुंचे और कथित आरोपियों के घरों को निशाना बनाया। देखते ही देखते कई घर आग की लपटों में घिर गए। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान हवाई फायरिंग किए जाने की बात भी सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।मृतक और आरोपी अलग-अलग जातियों से ताल्लुक रखने वाले एक ही समुदाय के बताए जा रहे हैं। ऐसे में घटना के बाद सामाजिक तनाव बढ़ने की आशंका के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। हालांकि, पुलिस की जांच और आधिकारिक पुष्टि के बिना घटना को जातीय संघर्ष का रूप देना उचित नहीं होगा।

दमकल की गाड़ियां पहुंचीं, भारी पुलिस बल तैनात

आगजनी की सूचना मिलते ही सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर, आसपास के थानों की पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। जिले से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया। अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं, पुलिस अधिकारी स्थानीय लोगों को समझाने और हालात को नियंत्रण में रखने में जुटे रहे।

एसएसपी की दोटूक चेतावनी—कानून हाथ में लेने वालों की खैर नहीं

मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने कहा कि हत्या के मामले में पुलिस त्वरित और अग्रेतर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून अपने हाथ में लेने वाले किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस कैंप कर रही है। अधिकारियों की नजर हर गतिविधि पर बनी हुई है। अब पुलिस के सामने दोहरी चुनौती है—नवनीत हत्याकांड के आरोपियों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई करना और आक्रोश की आड़ में हिंसा, आगजनी तथा संभावित उपद्रव को रोकना।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा