Bihar Crime: मशरूम हाट के नाम पर 2.67 करोड़ का गबन, जीविका दीदियों का दर्द सुन हैरत में पड़ी पुलिस

Bihar Crime:जीविका दीदियों को मशरूम हाट के जरिए बेहतर आमदनी का सपना दिखाकर करोड़ों रुपये के कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है।...

2.67 करोड़ का गबन- फोटो : reporter

Bihar Crime:जीविका दीदियों को मशरूम हाट के जरिए बेहतर आमदनी का सपना दिखाकर करोड़ों रुपये के कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। आरोप है कि मुजफ्फरपुर में भाई-बहन ने मिलकर स्मार्ट ग्रेविटी एग्रोटेक प्राइवेट लिमिटेड के नाम से कंपनी बनाई और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत मशरूम स्मार्ट हाट लगवाने का झांसा देकर सैकड़ों जीविका दीदियों के नाम पर करीब 2 करोड़ 67 लाख रुपये का बैंक लोन उठवा लिया। इसके बाद दोनों कथित तौर पर रकम लेकर फरार हो गए।

मामला मुजफ्फरपुर के बोचहां, मुशहरी और सरैया के अलावा गोपालगंज जिले से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि जीविका दीदियों को मशरूम हाट स्थापित कर अच्छी कमाई का भरोसा दिलाया गया था। योजना के तहत उनके नाम पर लोन तो लिया गया, लेकिन रकम के कथित गबन के बाद उनकी मुश्किलें बढ़ गईं।

लोन जीविका दीदियों के नाम पर होने के कारण बैंक की ओर से किस्त जमा करने को लेकर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। इससे कई परिवारों में तनाव और विवाद की स्थिति पैदा हो गई। आर्थिक परेशानी से जूझ रही महिलाओं ने मामले की शिकायत की, जिसके बाद पुलिस कप्तान कांतेश कुमार मिश्रा ने संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई का निर्देश दिया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले के आरोपी आशुतोष मंगलम को गिरफ्तार कर लिया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया। उसकी बहन शिवांगी कुमारी अभी फरार बताई जा रही है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

आशुतोष और शिवांगी के खिलाफ 2.67 करोड़ रुपये के कथित गबन का मामला दर्ज है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद जीविका दीदियां पुलिस कप्तान के कार्यालय पहुंचीं और उनका आभार जताया। महिलाओं ने कहा कि उनकी परेशानी को समझकर कार्रवाई कराने के लिए वे पुलिस प्रशासन की शुक्रगुजार हैं।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा