Bihar Police Attack: बिहार पुलिस पर हमला, दो पुलिसकर्मी लहू-लुहान, शादी में विवाद सुलझाने पहुंची थी पुलिस

Bihar Police Attack: शादी समारोह के दौरान उत्पन्न विवाद ने गंभीर मोड़ ले लिया, जब विवाद शांत कराने पहुंची पुलिस टीम पर ही हमला कर दिया गया।...

बिहार पुलिस पर हमला- फोटो : reporter

Muzaffarpur: जिले में शादी समारोह के दौरान उत्पन्न विवाद ने गंभीर मोड़ ले लिया, जब विवाद शांत कराने पहुंची पुलिस टीम पर ही हमला कर दिया गया। इस हमले में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी और आगे की कार्रवाई तेज कर दी है।

पूरा घटनाक्रम जैतपुर थाना क्षेत्र के शेख धनबत गांव का है, जहां  भरत महतो की पुत्री की शादी सुरेश महतो के पुत्र लक्ष्मण महतो के साथ होनी थी। शादी की सभी रस्में पूरी हो चुकी थीं और बारात गांव पहुंच चुकी थी। बारातियों के स्वागत के दौरान किसी बात को लेकर लड़का और लड़की पक्ष के बीच कहासुनी हुई, जो कुछ ही मिनटों में मारपीट में बदल गई।

स्थानीय लोगों ने मारपीट की सूचना जैतपुर थाना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले ही बाराती बिना शादी किए वापस लौट गए। लौटने के बाद लड़का पक्ष ने पुलिस को सूचना दी कि दूल्हे की पिटाई की गई है और लड़की पक्ष ने उसके अपहरण का प्रयास किया।

इस गंभीर आरोप की जांच के लिए पुलिस तुरंत जैतपुर थाना क्षेत्र के पोखरैरा दक्षिणी टोला में लड़का पक्ष के घर पहुंची। पुलिस वहां परिजनों से पूछताछ कर समझा-बुझा रही थी कि तभी अचानक लड़का पक्ष के कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हमला इतना अचानक था कि पुलिसकर्मी संभल भी नहीं पाए और दो जवान चोटिल हो गए। हालांकि स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से बड़ा हादसा होने से बच गया और पुलिस वहां से खुद को निकालने में सफल रही।

हमले के बाद पुलिस ने जैतपुर थाना में नामजद व अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। अधिकारियों ने साफ किया है कि पुलिस पर हमला किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आरोपी चाहे जिस पक्ष के हों, उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है और पुलिस जल्द ही सभी आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार करने में जुटी हुई है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा