Bihar Crime:शराब तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, 1100 लीटर विदेशी शराब जब्त, एक गिरफ्तार, कई तस्कर फरार

Bihar Crime:अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए तस्करों के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है।...

शराब तस्करों पर पुलिस का शिकंजा- फोटो : reporter

Bihar Crime:अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए तस्करों के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। मुजफ्फरपुर में  गायघाट और बेनीबाद थाना क्षेत्र में की गई अलग-अलग कार्रवाई में पुलिस ने करीब 1100 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब माफिया और तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है। दोनों मामलों में पुलिस अब बरामद वाहनों के आधार पर तस्करी के पूरे नेटवर्क का सुराग खंगाल रही है।

पहली कार्रवाई गायघाट थाना पुलिस ने मुजफ्फरपुर-दरभंगा मुख्य मार्ग पर सतनाम पेट्रोल पंप के समीप की। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर असम से मोतिहारी ले जाई जा रही विदेशी शराब की बड़ी खेप को एक ट्रक से बरामद किया। बताया गया कि शराब को ट्रक के अंदर बनाए गए गुप्त तहखाने में छिपाकर रखा गया था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने ट्रक के उपचालक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि चालक पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार उपचालक से पूछताछ कर पुलिस फरार चालक और गिरोह से जुड़े अन्य कारोबारियों की जानकारी जुटा रही है।

वहीं, दूसरी कार्रवाई बेनीबाद थाना पुलिस ने महेश्वर दुर्गा मंदिर के समीप की। गुप्त सूचना पर पुलिस ने एक पिकअप को घेरकर तलाशी ली, जिसमें करीब आठ लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब लदी थी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही कारोबारी पिकअप छोड़कर फरार हो गया। अब पुलिस वाहन के नंबर के आधार पर मालिक और स्थानीय शराब तस्करों की पहचान में जुटी है।

एसडीपीओ ईस्ट वन अलय वत्स ने बताया कि दोनों थाना क्षेत्रों में कार्रवाई कर करीब 1100 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ और वाहन के दस्तावेजों के जरिए पूरे तस्करी गिरोह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा