Bihar Police: लोगों ने थाना प्रभारी को बनाया बंधक, सरपंच की पिटाई के आरोप से भड़का जनाक्रोश, पुलिस-पब्लिक भिड़ंत में फायरिंग की खबर

Bihar Police: मामूली विवाद की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस कार्रवाई ने देखते-देखते ऐसा बवाल खड़ा कर दिया कि पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।लोगों ने थानापिरभारी को बंधक बना कर रखा है.....

लोगों ने थाना प्रभारी को बनाया बंधक- फोटो : reporter

Bihar Police: बिहार  में कानून-व्यवस्था उस वक्त कटघरे में खड़ी नजर आई, जब मुजफ्फरपुर जिले के पियर थाना क्षेत्र के बड़गांव पंचायत अंतर्गत बड़गांव चौक पर पुलिस और आम लोगों के बीच खूनी टकराव जैसे हालात बन गए। मामूली विवाद की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस कार्रवाई ने देखते-देखते ऐसा बवाल खड़ा कर दिया कि पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि विवाद सुलझाने पहुंचे पियर थाना प्रभारी ने कथित तौर पर सरपंच के साथ मारपीट की। सरपंच की पिटाई की खबर जैसे ही गांव में फैली, लोगों का गुस्सा लावे की तरह फूट पड़ा। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस और पब्लिक के बीच सीधी झड़प हो गई।

इसी दौरान हालात काबू से बाहर होते देख पुलिस द्वारा फायरिंग किए जाने की भी चर्चा इलाके में तेजी से फैल गई। हालांकि गोली चलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इस खबर ने आग में घी डालने का काम किया। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस को चारों ओर से घेर लिया और थाना प्रभारी को बंधक बना लिया गया। बताया जा रहा है कि देर रात तक थाना प्रभारी लोगों की गिरफ्त में ही रहे।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और अफरातफरी का माहौल है। दुकानों के शटर गिर गए, राहगीर इधर-उधर दुबक गए और बड़गांव चौक पर सन्नाटा पसर गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस ने बेवजह लाठी और रौब दिखाया, जबकि पुलिस सूत्रों का दावा है कि भीड़ उग्र हो गई थी और हालात संभालने के लिए सख्ती जरूरी हो गई।

खबर लिखे जाने तक थाना प्रभारी को भीड़ के कब्जे से मुक्त नहीं कराया जा सका था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारी मौके के लिए रवाना हो चुके हैं। प्रशासन की कोशिश है कि किसी तरह हालात को काबू में लाया जाए और बंधक बने थाना प्रभारी को सुरक्षित बाहर निकाला जाए।

अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या कानून के रखवाले ही कानून की लकीर लांघ बैठे, या फिर भीड़ ने कानून को हाथ में ले लिया? फिलहाल बड़गांव चौक पर तनाव बरकरार है और पूरे जिले की नजर इस बात पर टिकी है कि आगे कानून बोलेगा या फिर भीड़ का डर।

रिपोर्ट-मणिभूषण शर्मा