Bihar Crime: स्कूल जा रही दो छात्राओं पर हमला, पुलिस बोली- चाकू नहीं ब्लेड से वार

Bihar Crime: स्कूल जा रही दो छात्राओं पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। ...

दो छात्राओं पर हमला- फोटो : reporter

Bihar Crime: जमुई में नाबालिग से छेड़खानी के मामले के बीच अब मुजफ्फरपुर में स्कूल जा रही दो छात्राओं पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बरूराज थाना क्षेत्र के छत्रपति चोरवन पुलिया के पास सोमवार को साइकिल से स्कूल जा रही दो छात्राओं पर बाइक सवार तीन अज्ञात युवकों ने कथित तौर पर किसी धारदार चीज से हमला कर दिया। घटना में दोनों छात्राएं मामूली रूप से जख्मी हुई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

बताया गया कि दोनों छात्राएं अपने घर से साइकिल पर सवार होकर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मनोहर छपड़ा जा रही थीं। इसी दौरान छत्रपति चोरवन पुलिया के समीप सामने से एक बाइक पर सवार तीन युवक पहुंचे। आरोप है कि बाइक सवारों ने दोनों छात्राओं पर किसी धारदार वस्तु से वार कर दिया और मौके से निकल गए।

हमले के तत्काल बाद छात्राओं को अपने शरीर पर चोट का एहसास नहीं हुआ। कुछ देर बाद जब जख्म का पता चला तो उन्होंने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे तथा दोनों छात्राओं को इलाज के लिए मोतीपुर पीएचसी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को घर भेज दिया गया।

घटना को लेकर स्थानीय लोगों की ओर से चाकू से हमला किए जाने की बात कही गई, लेकिन पुलिस ने इसे स्पष्ट करते हुए कहा है कि शुरुआती जांच में ब्लेड से हमला किए जाने की सूचना मिली है। पुलिस के अनुसार, दोनों छात्राओं को मामूली चोट आई है।

एसडीपीओ वेस्ट-1 सुचित्रा कुमारी ने बताया कि बरूराज थाना क्षेत्र में स्कूल जा रही दो छात्राओं पर बाइक सवार बदमाशों द्वारा ब्लेड से हमला किए जाने की सूचना मिली थी। दोनों छात्राएं मामूली रूप से जख्मी हुईं और इलाज के बाद घर चली गईं। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि छात्राओं पर हमला किस वजह से किया गया और वारदात में शामिल तीनों युवक कौन थे। घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाने के साथ पुलिस संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।दिनदहाड़े स्कूल जा रही छात्राओं पर हुए इस हमले से स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है। परिजन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

रिपोेर्ट-मणिभूषण शर्मा