Bihar Crime: बिहार में महिला की सरेआम पिटाई, वीडियो वायरल हते हीं मचा हड़कंप
Bihar Crime:आपसी विवाद को लेकर एक महिला की सरेआम सड़क पर पिटाई किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
Bihar Crime: मुजफ्फरपुर मिठनपुरा थाना क्षेत्र में आपसी विवाद को लेकर एक महिला की सरेआम सड़क पर पिटाई किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद महिला सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। मामला सामने आते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।वायरल वीडियो रविवार दोपहर का बताया जा रहा है। इसमें कुछ युवक एक महिला को बीच सड़क पर पीटते नजर आ रहे हैं। वीडियो में बाइक पर बैठे एक युवक द्वारा महिला और उसके परिवार को कथित तौर पर धमकी देते हुए भी देखा जा रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि पूरा मामला गौशाला चौक के कन्हौली, वार्ड संख्या 46 का है। यहां पूर्व से चले आ रहे विवाद को लेकर पड़ोस के दो परिवारों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसी दौरान एक महिला की सड़क पर पिटाई किए जाने का आरोप है।मारपीट की इस घटना में दोनों पक्षों के कई लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। मामले को लेकर दोनों पक्षों ने मिठनपुरा थाने में अलग-अलग आवेदन दिया है।
महिला की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस भी हरकत में आई। पुलिस अब वीडियो की सत्यता, घटना में शामिल लोगों और पूरे विवाद की वजह की जांच कर रही है।मामले को लेकर मिठनपुरा थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि पूर्व के आपसी विवाद को लेकर पड़ोस के दो परिवारों के बीच मारपीट की घटना हुई है। दोनों पक्षों की ओर से थाने में आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वायरल वीडियो में महिला और उसके परिवार को धमकी दिए जाने की बात भी सामने आ रही है। पुलिस इस पहलू की भी पड़ताल कर रही है कि वीडियो में दिखाई दे रहे लोग कौन हैं और मारपीट की घटना में उनकी क्या भूमिका थी।फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आवेदन, वायरल वीडियो और मौके से मिले तथ्यों के आधार पर मामले की तहकीकात कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मारपीट और धमकी के आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी चर्चा तेज है। सड़क पर महिला के साथ कथित मारपीट का वीडियो वायरल होने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अब पुलिस की जांच पर निगाहें टिकी हैं कि इस विवाद में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा