Bihar Crime:सगे भाइयों के बीच खूनी संघर्ष, महिलाओं और बच्ची पर बरसे डंडे, इलाके में दहशत

Bihar Crime: महज ढाई डिसमिल जमीन के लिए सगे भाइयों के बीच ऐसा बवाल मचा कि महिलाओं और एक मासूम बच्ची तक को नहीं बख्शा गया।

सगे भाइयों के बीच खूनी संघर्ष- फोटो : reporter

Bihar Crime: महज ढाई डिसमिल जमीन के लिए सगे भाइयों के बीच ऐसा बवाल मचा कि महिलाओं और एक मासूम बच्ची तक को नहीं बख्शा गया। लाठी-डंडों से हुई बेरहम पिटाई का पूरा मंजर CCTV कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। नालंदा  के बिहारशरीफ स्थित मेहरपार मुहल्ला में मामूली सी जमीन का विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। 

घटना 26 मई की बताई जा रही है। वायरल फुटेज में हमलावर खुलेआम घर में घुसकर मारपीट करते नजर आ रहे हैं। इस हमले में सोनिया देवी, तानिया और अजय शर्मा समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना के बाद पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण उन्हें अपना घर छोड़कर दूसरी जगह शरण लेनी पड़ रही है। दोनों पक्षों के घरों पर फिलहाल ताला लटका हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2003 में स्थानीय पंचों की मौजूदगी में दोनों भाइयों के बीच जमीन का बंटवारा हो चुका था। लेकिन 23 साल बाद फिर उसी ढाई डिसमिल जमीन को लेकर विवाद दोबारा भड़क उठा। आरोप है कि बड़े भाई कृष्णा ठाकुर और उसके समर्थक लगातार केस वापस लेने का दबाव बना रहे थे। पीड़ित परिवार के अनुसार 23 मई को भी दोनों पक्षों के बीच झड़प हुई थी, जिसकी शिकायत लाहेरी पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई थी। लेकिन आरोपियों पर लगी धाराएं जमानती होने के कारण उन्हें थाने से ही छोड़ दिया गया। परिवार का आरोप है कि इसी के बाद आरोपियों का मनोबल बढ़ गया और उन्होंने दोबारा हमला कर दिया।26 मई को कथित तौर पर आरोपी पक्ष घर पर चढ़ आया और पूरे परिवार पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। CCTV फुटेज में महिलाएं और बच्ची जान बचाने की कोशिश करती दिख रही हैं, जबकि हमलावर लगातार मारपीट कर रहे हैं।

पीड़ितों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि यदि पहली घटना के बाद समय रहते सख्त कार्रवाई होती, तो इतनी बड़ी वारदात नहीं होती।रंजीत कुमाप रजक ने बताया कि मामले में सात लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस CCTV फुटेज की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

थानाध्यक्ष के मुताबिक, मां द्वारा छोटे बेटे को जमीन दान देने के बाद विवाद और गहरा गया। बड़े बेटे का दावा है कि जमीन दोनों भाइयों की साझी संपत्ति है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

रिपोर्ट- राज पाण्डेय