Bihar Crime: बिहार में कानून के राज पर तमाचा, अपराधियों ने की सरेआम व्यवसायी की पिटाई, दबंगई से लोग हैरान

Bihar Crime: बिहार में अपराधियों और दबंगों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक और खौफनाक बानगी नवादा जिला मुख्यालय से सामने आई है।

बिहार में कानून के राज पर तमाचा- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार में अपराधियों और दबंगों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक और खौफनाक बानगी नवादा जिला मुख्यालय से सामने आई है। नगर थाना क्षेत्र के व्यस्त इलाके में कन्हाई स्कूल के पास सरेआम एक व्यवसायी के साथ मारपीट और लूटपाट की घटना ने शहर में सनसनी फैला दी है। इस दुस्साहसिक वारदात का सीसीटीवी फुटेज (CCTV Footage) अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।

सीसीटीवी फुटेज में कैद दबंगई और लूटपाट का नंगा नाच

सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस प्रकार बड़ी संख्या में लोग एक व्यवसायी विकास कुमार को सड़क पर घेरकर पीट रहे हैं। पीड़ित पक्ष का गंभीर आरोप है कि इस मारपीट के दौरान दबंगों ने न सिर्फ उनके साथ बेरहमी से हाथापाई की, बल्कि उनका महंगा आईफोन (iPhone), सोने की चेन और जेब में रखे रुपये भी जबरन छीनकर फरार हो गए। दिनदहाड़े शहर के बीचों-बीच इस तरह की गुंडागर्दी यह चीख-चीख कर कह रही है कि बदमाशों के दिलों से कानून और खाकी का खौफ पूरी तरह गायब हो चुका है।

पुलिसिया सुरक्षा और प्रशासन के दावों पर सवालिया निशान

घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि शहर के मुख्य मार्ग पर इतनी बड़ी संख्या में लोग किसी व्यवसायी को सरेआम पीट सकते हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा की गारंटी कौन लेगा? क्या पुलिस-प्रशासन किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहा है?घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश देने की बात कह रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी उपद्रवियों को बेनकाब कर कानून के शिकंजे में कसा जाएगा।

व्यवस्था के माथे पर चिंता की लकीरें

बिहार में आए दिन व्यापारियों और आम जनता को निशाना बनाए जाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।जब सड़कों पर कानून का इकबाल कमजोर पड़ता है, तो भीड़ तंत्र और दबंग हावी हो जाते हैं, जो स्वस्थ समाज के लिए बेहद खतरनाक संकेत है।यदि पुलिस ने इस मामले में त्वरित, सख्त और अनुकरणीय कार्रवाई नहीं की, तो अपराधियों के हौसले और अधिक बुलंद हो जाएंगे और कानून व्यवस्था भगवान भरोसे ही रह जाएगी।

रिपोर्ट- अमन कुमार