तीन लाख के इनामी कुख्यात भोला सिंह को रिमांड पर लेगी पंडारक पुलिस, कोर्ट ने जारी किया आदेश

तीन लाख का इनामी कुख्यात भोला सिंह हत्या और रंगदारी समेत दर्जनों मामलों में है आरोपी; 13 मई तक दमदम जेल से बाढ़ कोर्ट में पेश करने का निर्देश

कुख्यात भोला सिंह को रिमांड पर लेगी पंडारक पुलिस- फोटो : रवि शंकर

Patna : पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत पंडारक थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट जैसे संगीन अपराधों में वांछित, तीन लाख रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी भोला सिंह को पंडारक पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी में है। पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए भोला सिंह को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने के लिए अदालत में अर्जी दी थी।


जानकारी के अनुसार, पंडारक पुलिस द्वारा दी गई रिमांड अर्जी पर सुनवाई करते हुए बाढ़ कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। न्यायालय ने पश्चिम बंगाल की दमदम सेंट्रल जेल प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिया है कि भोला सिंह को आगामी 13 मई तक हर हाल में बाढ़ कोर्ट में पेश किया जाए। इस पेशी के बाद पंडारक पुलिस उसे रिमांड पर लेकर विभिन्न लंबित मामलों में पूछताछ करेगी, जिससे कई अन्य बड़े मामलों के खुलासे होने की उम्मीद है।


गौरतलब है कि पूर्व में सीआरपीएफ (CRPF) में नौकरी करने वाला भोला सिंह अपराध की दुनिया का बड़ा नाम बन चुका था। उसकी गिरफ्तारी के लिए बिहार पुलिस लंबे समय से छापेमारी कर रही थी। आखिरकार, 14 अप्रैल को कोलकाता सीबीआई की टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर उसे गुजरात से गिरफ्तार किया था। उसकी गिरफ्तारी को अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा था, क्योंकि वह लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था।


भोला सिंह का आपराधिक इतिहास काफी पुराना और डरावना है। उस पर हत्या के प्रयास, व्यवसायियों से रंगदारी मांगने, अवैध हथियारों की तस्करी (आर्म्स एक्ट) और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की कई गंभीर धाराओं के तहत लगभग एक दर्जन मामले दर्ज हैं। पंडारक पुलिस के लिए वह सिरदर्द बना हुआ था। पुलिस सूत्रों का कहना है कि रिमांड के दौरान उससे इन वारदातों में शामिल अन्य साथियों और हथियार के स्रोतों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई जाएगी।


13 मई की पेशी को लेकर बाढ़ उपकारा और कोर्ट परिसर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जा रहे हैं। चूंकि भोला सिंह एक इनामी और खतरनाक अपराधी है, इसलिए उसे दमदम जेल से बिहार लाने के दौरान विशेष सुरक्षा दस्ता तैनात रहने की संभावना है। स्थानीय पुलिस प्रशासन का मानना है कि भोला सिंह से पूछताछ के बाद क्षेत्र में सक्रिय अन्य आपराधिक गिरोहों के नेटवर्क को ध्वस्त करने में बड़ी मदद मिलेगी।


रविशंकर की रिपोर्ट