Patna Crime:इनोवा से 30 लाख कैश बरामद,गुजरात से पटना का इतने करोड़ के हवाला से जुड़ा कनेक्शन
Patna Crime: पटना बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई के बाद सनसनी फैल गई। ...
Patna Crime: पटना बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में मंगलवार रात पुलिस की कार्रवाई के बाद सनसनी फैल गई। पुलिस ने एक इनोवा क्रिस्टा से 30 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। भारी रकम के स्रोत और इस्तेमाल को लेकर पूछताछ के बाद मामला कथित हवाला कारोबार से जुड़ता नजर आ रहा है। पुलिस ने गाड़ी सवार गुजरात के तीन कारोबारियों को हिरासत में लेकर तफ्तीश तेज कर दी है।
हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान संजय कुमार, दिग्विजय ठाकुर और पटेल कारण कुमार सिंधा भाई के रूप में बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान वाहन से बड़ी मात्रा में कैश मिला। पूछताछ में तीनों रकम के संबंध में कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके। इसके बाद पुलिस ने कैश और वाहन को जब्त कर लिया।
पूछताछ के दौरान कारोबारियों ने कथित तौर पर बताया कि वे गुजरात से करीब तीन करोड़ रुपये कैश लेकर कोलकाता पहुंचे थे। वहां किसी व्यक्ति को रकम सौंपने के बाद सड़क मार्ग से पटना आए थे और यहां 30 लाख रुपये पहुंचाने थे। इस खुलासे के बाद पुलिस ने मामले की तह तक पहुंचने के लिए पूछताछ और छापेमारी का सिलसिला तेज कर दिया।
तीनों की निशानदेही पर बलभद्र आरण्य अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 101 में भी तलाशी ली गई। जांच एजेंसियों को आशंका है कि बरामद रकम किसी बड़े नकदी लेन-देन या हवाला नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है।पूछताछ में कथित तौर पर करीब 3,000 करोड़ रुपये के नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी सामने आने की बात कही जा रही है, लेकिन इस दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आयकर विभाग को सूचना दी। आयकर टीम भी रकम के स्रोत, संभावित लाभार्थियों और पूरे लेन-देन की कड़ियों को खंगाल रही है। पटना में अलग-अलग ठिकानों पर जांच और छापेमारी जारी है। अब एजेंसियों की नजर उस शख्स और नेटवर्क तक पहुंचने पर है, जिसके लिए यह रकम कथित तौर पर पटना लाई गई थी।
हीरेश कुमार