Patna Crime: कार लूटकांड का तीन घंटे में खुलासा, चार लुटेरे गिरफ्तार, नवादा के चालक से लूटी थी गाड़ी

Patna Crime: फोर व्हीलर कार लूट की वारदात का पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर खुलासा कर दिया।

कार लूटकांड का तीन घंटे में खुलासा- फोटो : reporter

Patna Crime: पटना के अथमलगोला थाना क्षेत्र में फोर व्हीलर कार लूट की वारदात का पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लूटी गई कार को बरामद करने के साथ ही वारदात में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई गाड़ी समेत अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार नवादा जिले के अमित कुमार वाहन चलाने का काम करते हैं। उन्हें नवलेश कुमार नामक व्यक्ति ने पटना से अथमलगोला जाने के लिए कार बुक कर बुलाया था। अमित कुमार कार लेकर बताए गए स्थान पर पहुंचे। जैसे ही वाहन अथमलगोला थाना क्षेत्र के बढ़हिया मोड़ के पास पहुंचा, नवलेश कुमार अपने तीन अन्य सहयोगियों के साथ कार में सवार हो गया।आरोप है कि कुछ दूर आगे जाने के बाद चारों आरोपियों ने चालक अमित कुमार को डराया-धमकाया। इसके बाद उसके कब्जे से कार, मोबाइल फोन और पास मौजूद रुपये लूट लिए गए। आरोपियों ने चालक को कार से नीचे उतार दिया और वाहन लेकर फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित अमित कुमार ने तत्काल अथमलगोला थाना पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के थानों को भी वाहन और आरोपियों की जानकारी प्रसारित कर दी, ताकि फरार कार को तत्काल पकड़ा जा सके।पुलिस की सक्रियता का नतीजा कुछ ही देर में सामने आया। लूटी गई कार को बिनंद थाना क्षेत्र की ओर जाते हुए पुलिस ने पकड़ लिया। कार में सवार चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और लूटी गई फोर व्हीलर भी बरामद कर ली गई।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस वारदात के पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है। आरोपियों के आपराधिक इतिहास और पूर्व की घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।पूरे मामले को लेकर पुलिस अधिकारी आयुष श्रीवास्तव ने प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज तीन घंटे में लूटी गई कार बरामद कर ली और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से कार लूट की वारदात का जल्द खुलासा हो गया। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

रिपोर्ट- रविशंकर