Patna Police: पटना के नाले में मिला पुलिसकर्मी का शव, इलाके में मचा हड़कंप, मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

Patna Police:नाले से एक पुलिसकर्मी का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।...

नाले में मिला पुलिसकर्मी का शव- फोटो : reporter

Patna Police: पटना बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के गोलघर चौराहा के पास बुधवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब नाले से एक पुलिसकर्मी का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही बुद्धा कॉलोनी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान बच्चा कुमार राव के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मोतिहारी जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं और पुलिस विभाग में हवलदार के पद पर तैनात थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बच्चा कुमार राव मंगलवार देर शाम से अपनी ड्यूटी पर नहीं पहुंचे थे। इसके बाद उनकी तलाश की जा रही थी।

इसी बीच गोलघर चौराहा के पास नाले में उनका शव मिलने से पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। सूचना के बाद बुद्धा कॉलोनी थाना अध्यक्ष दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

फिलहाल पुलिसकर्मी की मौत कैसे हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। नाले में गिरने से मौत हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जाने की संभावना है।

पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत मानकर जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं कि आखिर ड्यूटी पर नहीं पहुंचने के बाद बच्चा कुमार राव गोलघर चौराहा तक कैसे पहुंचे और उनकी मौत नाले में किन परिस्थितियों में हुई।

रिपोर्ट- रंजीत कुमार