Patna Crime:पटना में खून-खराबा, चाकू से गोदकर पिता की हत्या,बेटा घायल, इलाके में तनाव

Patna Crime:आपसी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया और 40 वर्षीय व्यक्ति की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।...

पटना में खून-खराबा- फोटो : reporter

Patna Crime:पटना जिले के बिक्रम थाना क्षेत्र के अराप गांव में रविवार देर रात दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। आपसी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया और 40 वर्षीय रामाकांत पासवान की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि उनका बेटा छोटू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के मुताबिक, देर रात करीब 8:30 बजे बाजार क्षेत्र में शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि पहले छोटे बेटे गोलू कुमार पर सब्जी मंडी के पास ताबड़तोड़ चाकू से हमला किया गया। जान बचाकर वह किसी तरह अपने घर की ओर भागा, लेकिन हमलावरों ने पीछा करते हुए वहां भी हमला कर दिया और बीच-बचाव करने आए उसके पिता रामाकांत पासवान को निशाना बना लिया।

चाकू के कई वार से गंभीर रूप से घायल रामाकांत पासवान की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश और तनाव फैल गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह हमला पुरानी रंजिश का नतीजा है, जबकि कुछ लोग आरोपी की मानसिक स्थिति पर भी सवाल उठा रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि उसका रांची में इलाज चल चुका है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और FSL की टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और लगातार कैंप किया जा रहा है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सरजू शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और मृतक परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

रिपोर्ट- कुलदीप भारद्वाज