Patna Crime: पटना में ताबड़तोड़ फायरिंग, जमीन कारोबारी को अपराधियों ने मारी गोली
Patna Crime: पटना में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। ...
Patna Crime: पटना में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के ईसापुर में गुरुवार देर शाम बेखौफ बदमाशों ने एक जमीन कारोबारी को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। दो बाइक पर सवार होकर आए चार अपराधियों ने मोहम्मद आसिफ शाह उर्फ छोटू को गोली मार दी। गोली लगते ही कारोबारी जमीन पर गिर पड़े। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल छोटू को इलाज के लिए पटना एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
घात लगाए बैठे थे हमलावर
जानकारी के मुताबिक, मोहम्मद आसिफ शाह ईसापुर के मुर्गिया टोला के रहने वाले हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि गुरुवार देर शाम वह घर से निकले थे और पुरानी मस्जिद के पास अंडा खाने पहुंचे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अपराधी वहां आ धमके। इससे पहले कि कारोबारी कुछ समझ पाते, बदमाशों ने उन पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।इस सनसनीखेज वारदात में एक गोली मोहम्मद छोटू की पीठ में जा लगी। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़े। उधर, हमलावर दहशत फैलाने के लिए फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।
पीठ में लगी गोली, एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती
गोलीबारी की सूचना स्थानीय लोगों ने तत्काल फुलवारी शरीफ थाने को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कारोबारी को इलाज के लिए पटना एम्स पहुंचाया। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, चारों हमलावरों की तलाश
घटना की जानकारी मिलने के बाद फुलवारी शरीफ के पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी-1 नारायण उपाध्याय भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।एएसपी ने बताया कि मोहम्मद छोटू को एक गोली लगी है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से तफ्तीश कर रही है। हालांकि, अब तक गोलीबारी के पीछे की असली वजह सामने नहीं आई है।
जमीन विवाद या पुरानी रंजिश? कई एंगल से जांच
पुलिस जमीन के कारोबार से जुड़ी पुरानी रंजिश समेत तमाम संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर हमले की वजह स्पष्ट नहीं है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।इस वारदात के बाद ईसापुर और आसपास के इलाकों में खौफ का माहौल है। स्थानीय लोग अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर चार हथियारबंद अपराधियों ने जमीन कारोबारी को निशाना क्यों बनाया और इस हमले के पीछे किसका हाथ है?
रिपोर्ट- अनिल कुमार