Patna Crime: राजधानी में बेखौफ बदमाशों का तांडव, दो भाईयों पर गोलीबारी के बाद कारोबारी के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, इलाके में दहशत

Patna Crime: बिहार में सुशासन के दावों के बीच राजधानी पटना एक बार फिर गोलियों की गूंज से दहल उठी। ...

पटना में कारोबारी के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग- फोटो : reporter

Patna Crime: बिहार में सुशासन के दावों के बीच राजधानी पटना एक बार फिर गोलियों की गूंज से दहल उठी। फतुहा थाना क्षेत्र के सोनारू गांव में देर शाम स्कॉर्पियो सवार हथियारबंद अपराधियों ने एक कारोबारी के घर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।

मिली इत्तिला के मुताबिक, जमींदार कुमार उर्फ जमींदार राय नामक कारोबारी के घर पर अचानक गाड़ियों की रफ्तार थमी और बदमाशों ने बिना वक्त गंवाए गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। फायरिंग इतनी तीव्र थी कि दुकान के शटर को गोलियों ने छलनी कर दिया और एक गोली उनकी कार में जा धंसी। गनीमत रही कि इस हमले में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन खौफ का साया पूरे मोहल्ले पर छा गया।

वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ ही मिनटों में सब कुछ खत्म हो गया, मगर गोलियों की आवाज देर तक कानों में गूंजती रही। घटना की खबर मिलते ही पुलिस महकमा हरकत में आया और मौके पर पहुंचकर मुआयना शुरू किया।

पीड़ित कारोबारी का दावा है कि यह हमला पैसों के लेन-देन के विवाद का नतीजा है। उनके मुताबिक पहले धमकियां दी गई थीं और फिर सुनियोजित तरीके से गोलीबारी की गई। इससे साफ इशारा मिलता है कि हमलावर पहले से साजिश रच चुके थे और मौके की ताक में थे।

मौके से पुलिस ने चार खोखे बरामद किए हैं, जो इस बात की तस्दीक करते हैं कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

डीएसपी अवधेश कुमार ने बताया कि जमींदार राय के घर पर हुई गोलीबारी के मामले में चार खोखे जब्त किए गए हैं और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।

इस सनसनीखेज वारदात ने एक बार फिर राजधानी में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बेखौफ अपराधियों की यह दुस्साहसी हरकत इलाके में दहशत का सबब बनी हुई है। फिलहाल पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

रिपोर्ट- रजनीश कुमार