Patna Crime: बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या कर सिर धड़ से किया अलग, पटना में दिल दहला देने वाली वारदात, इलाके में सनसनी

Patna Crime News: पटना के रानी तालाब थाना क्षेत्र से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है।

बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या कर सिर धड़ से किया अलग- फोटो : reporter

Patna Crime News:  पटना के रानी तालाब थाना  क्षेत्र से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जीतन छपरा गांव में दुर्गा  मंदिर पर  एक युवक ने अपने छोटे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी सिर और धड़ लेकर घर पहुंच गया। इस सनसनीखेज घटना के सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया। गांव में दहशत और मातम का माहौल है।मिली जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। जीतन छपरा गांव स्थित दुर्गा मंदिर के पास 21 वर्षीय अजित कुमार ने अपने छोटे भाई सुजीत कुमार पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमले में सुजीत का सिर धड़ से अलग हो गया। इसके बाद आरोपी सिर और धड़ लेकर घर पहुंच गया। घटना की भयावहता से स्थानीय लोग सकते में हैं।

दोनों भाइयों के पिता का नाम रंजू यादव बताया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी अजित कुमार नशे का आदी बताया जाता है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल में जुटी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई। एसडीपीओ-2 पंकज कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कराई। इसके साथ ही एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी है। घटनास्थल से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं, ताकि वारदात से जुड़े अहम तथ्यों का पता लगाया जा सके।

पुलिस ने आरोपी अजित कुमार को हिरासत में लिए जाने की जानकारी दी है। उससे पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। 

फिलहाल, इस खौफनाक वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस की तफ्तीश जारी है और फॉरेंसिक जांच की रिपोर्ट तथा पूछताछ के बाद ही घटना से जुड़ी पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।

विक्रम से ऋषिकेश की रिपोर्ट