Patna Crime: पटना में जिंदा हैंडग्रेनेड से मिलने से सनसनी, खुलेआम हो रही थी हथियारों की खरीद-बिक्री

Patna Crime: पुलिस की कार्रवाई के दौरान जिंदा हैंडग्रेनेड मिलने से हड़कंप मच गया।...

पटना में जिंदा हैंडग्रेनेड से मिलने से सनसनी- फोटो : reporter

Patna Crime: पटना अगमकुआं थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई के दौरान जिंदा हैंडग्रेनेड मिलने से हड़कंप मच गया। शीतला माता मंदिर ओवरब्रिज के नीचे पुलिस ने छापेमारी कर दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक जिंदा हैंडग्रेनेड और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस के मुताबिक, शीतला माता मंदिर के आसपास हथियार और कारतूस की खरीद-बिक्री किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम गठित की गई और चिन्हित स्थान पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान दो संदिग्ध पुलिस के हत्थे चढ़ गए।

तलाशी लेने पर पुलिस को पांच जिंदा कारतूस के साथ हैंडग्रेनेड मिला। जिंदा ग्रेनेड बरामद होने की खबर से पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए तत्काल बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया।

पटना सिटी एएसपी राज किशोर सिंह और पटना सिटी पूर्वी एसपी शैलजा भी घटनास्थल पर पहुंचीं। बम निरोधक दस्ते ने बरामद हैंडग्रेनेड को अपने कब्जे में लेकर उसे सुरक्षित किया। इसके बाद पुलिस ने पूरे इलाके की छानबीन की।

गिरफ्तार संदिग्धों में एक पटना सिटी के पहाड़ी इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है, जबकि दूसरा नालंदा जिले का निवासी है। दोनों से पुलिस पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपियों के पास हैंडग्रेनेड और कारतूस कहां से पहुंचे और इनका इस्तेमाल किस मकसद से किया जाना था।

पुलिस अब हथियारों की कथित खरीद-बिक्री से जुड़े नेटवर्क और आरोपियों के संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारी होने की संभावना से इनकार नहीं किया गया है।

अनिल की रिपोर्ट