Patna News: कचरे के ढेर में मिली लाश का खुला राज! पटना जंक्शन से लापता हुई थी युवती, परिजनों ने जताई दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
Patna News: एक पूर्व मंत्री के आवास की चारदीवारी के पास कचरे के ढेर में एक अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ था। अब इस रहस्यमयी मौत की गुत्थी में बड़ा खुलासा हुआ है। ...
Patna News: पटना की सड़कों पर उस वक्त सनसनी फैल गई थी, जब शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के पुनाईचक लिंक रोड स्थित एक पूर्व मंत्री के आवास की चारदीवारी के पास कचरे के ढेर में एक अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ था। अब इस रहस्यमयी मौत की गुत्थी में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने शव की पहचान फुलवारी शरीफ की रहने वाली करीब 18 वर्षीय युवती के रूप में की है। पहचान उसके कपड़ों के जरिए परिजनों ने की।
बताया जा रहा है कि युवती अपनी मां और भाई के साथ पटना सिटी इलाके में एक शादी समारोह में शामिल होने गई थी। परिजनों के मुताबिक पटना जंक्शन के पास अचानक वह लापता हो गई। गरीब परिवार और पुलिसिया झंझट के डर से घरवालों ने स्थानीय थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट तक दर्ज नहीं कराई। इसी बीच पुलिस लगातार शव की पहचान में जुटी रही और आखिरकार जांच करते-करते मृतका के परिवार तक पहुंच गई।
मृतका की मां ने पुलिस को बताया कि बेटी अचानक भीड़ में गायब हो गई थी और काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। परिवार की आर्थिक हालत बेहद खराब बताई जा रही है। युवती के पिता टेंपो चालक हैं और उन्होंने दो शादियां की हैं।
इधर, पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है, जिसमें कुछ संदिग्ध वाहनों की पहचान होने की बात सामने आ रही है। अब पुलिस उन वाहनों और उनसे जुड़े लोगों की तलाश में जुट गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम से भी जांच कराई गई थी।
सबसे सनसनीखेज पहलू यह है कि मृतका के परिजनों ने युवती के साथ गलत काम किए जाने और फिर हत्या कर शव फेंकने की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकता है।
3 मई की सुबह जब कचरे के ढेर में युवती का शव मिला था, तब पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। अब सवाल यह है कि आखिर उस लड़की के साथ क्या हुआ? क्या यह हत्या है, हादसा या फिर किसी बड़े अपराध को छिपाने की कोशिश? पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है।
रिपोर्ट- अनिल कुमार