Patna Crime: 14 किलो चांदी के बर्तन का पार्सल गायब, SIT ने 6 घंटे में दो चोर दबोचे

Patna Crime:पटना के जगनपुरा निवासी सुधीर कुमार ने बनारस से करीब 14 किलो चांदी के बर्तन मंगवाए थे। चोरी होने के बाद एसटीएफ को महज कुछ घंटों में सफलता मिल गई..

चांदी के बर्तन का पार्सल गायब- फोटो : reporter

Patna Crime:पटना के जगनपुरा निवासी सुधीर कुमार ने बनारस से करीब 14 किलो चांदी के बर्तन मंगवाए थे। पार्सल बस के जरिए पटना पहुंचा, लेकिन गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही गायब हो गया। पार्सल नहीं मिलने की जानकारी होते ही सुधीर कुमार के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम यानी SIT का गठन किया।

शिकायत मिलते ही SIT ने तेजी से तफ्तीश शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर कार्रवाई करते हुए महज छह घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 12.515 किलो चांदी के बर्तन बरामद किए गए। इतनी बड़ी मात्रा में चांदी के बर्तन बरामद होने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है।

हालांकि, मामले में अभी पूरी बरामदगी नहीं हो सकी है। पुलिस के मुताबिक एक आरोपी अब भी फरार है और करीब डेढ़ किलो चांदी के बर्तन भी बरामद नहीं हुए हैं। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पार्सल को बस से उतारकर चोरी करने की साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे।

पुलिस अब बरामद चांदी के बर्तनों की पहचान और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। जांच में यह भी खंगाला जा रहा है कि पार्सल बस से पटना पहुंचने के बाद किस जगह से गायब हुआ और आरोपियों ने चांदी को कहां छिपाकर रखा था।

SIT की त्वरित कार्रवाई से चोरी के मामले का बड़ा हिस्सा कुछ ही घंटों में सुलझ गया है। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी और बची हुई चांदी की बरामदगी के बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।

रिपोर्ट- कुलदीप भारद्वाज