Patna Crime News: पटना में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम! पटना कॉलेज में षड्यंत्र पर पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, STF पर फायरिंग करने वाले बदमाश पर ऑन स्पॉट फैसला

Patna Crime News: राजधानी पटना में बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की साजिश का पुलिस ने पर्दाफाश किया है।...

पटना में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम!- फोटो : reporter

Patna Crime News: राजधानी पटना में बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की साजिश का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित पटना कॉलेज से शुरू हुई कार्रवाई फतुहा तक पहुंची। पुलिस ने इस मामले में पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान दो देशी कट्टे, तीन कारतूस, पांच मोबाइल फोन और एक स्कूटी बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान एक अभियुक्त ने STF पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल अभियुक्त को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पटना कॉलेज में साजिश की सूचना, पुलिस ने मारा छापा

पटना पुलिस के मुताबिक, कल यानी 13 अक्टूबर 2026 को सूचना मिली थी कि कदमकुआं थाना क्षेत्र के पटना कॉलेज परिसर में कुछ लोग किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए कदमकुआं थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कॉलेज परिसर में छापेमारी की।इस दौरान दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के क्रम में उनके पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके बाद गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर तीन अन्य अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया गया।

फतुहा में छापेमारी के दौरान STF पर फायरिंग

जांच के अगले चरण में पुलिस टीम ने अभियुक्तों की निशानदेही पर फतुहा थाना क्षेत्र में छापेमारी की। यहां से एक अन्य देशी कट्टा और कारतूस बरामद किए गए। इसी दौरान पुलिस के अनुसार, अभियुक्त शुभम कुमार ने STF पर फायरिंग कर दी।स्थिति को नियंत्रित करने के लिए की गई जवाबी कार्रवाई में शुभम कुमार के दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद घायल अभियुक्त को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उसका उपचार जारी है।

10 से 12 आपराधिक मामलों में संलिप्तता की जानकारी

पुलिस के मुताबिक, घायल अभियुक्त शुभम कुमार के खिलाफ 10 से 12 आपराधिक मामलों में संलिप्तता या आपराधिक इतिहास होने की जानकारी मिली है। इस पहलू की जांच के साथ मामले में गिरफ्तार अन्य अभियुक्तों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।छापेमारी में 02 देशी कट्टे, 03 कारतूस, 05 मोबाइल फोन, 01 स्कूटीबरामद हुआ है। पटना पुलिस का कहना है कि अपराध और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, इस अभियान का मकसद संभावित आपराधिक वारदात को रोकना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। अब जांच के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि कथित साजिश में गिरफ्तार अभियुक्तों की क्या भूमिका थी और उनके नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।

रिपोर्ट- अनिल कुमार