Patna Crime News: पटना में गेस्ट हाउस की आड़ में देह व्यापार का भंडाफोड़, पुलिस की छापेमारी में 4 महिलाएं और 3 पुरुष गिरफ्तार

Patna Crime News:पटना में गेस्ट हाउस की आड़ में संचालित अनैतिक देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है।

पटना में गेस्ट हाउस की आड़ में देह व्यापार का भंडाफोड़,- फोटो : X

Patna Crime News:पटना में गेस्ट हाउस की आड़ में  संचालित अनैतिक देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। जक्कनपुर थाना क्षेत्र के एक गेस्ट हाउस में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने अचानक छापेमारी कर सात लोगों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार लोगों में चार महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस सभी आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है।

गुप्त सूचना पर गणपति गेस्ट हाउस में पुलिस की दबिश

मिली जानकारी के अनुसार, जक्कनपुर थाना क्षेत्र स्थित गणपति गेस्ट हाउस में कथित तौर पर लंबे समय से गेस्ट हाउस की आड़ में अनैतिक देह व्यापार का धंधा संचालित किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए जक्कनपुर थाना पुलिस ने मामले का सत्यापन किया और इसके बाद गेस्ट हाउस में छापेमारी की कार्रवाई की।पुलिस टीम जैसे ही गेस्ट हाउस पहुंची, वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। छापेमारी के दौरान अलग-अलग कमरों की तलाशी ली गई। इसी क्रम में पुलिस ने चार महिलाओं और तीन पुरुषों को पकड़ लिया। सभी को हिरासत में लेकर थाने लाया गया।

चार महिलाएं और तीन पुरुष गिरफ्तार, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस

छापेमारी के बाद पुलिस गिरफ्तार महिलाओं और पुरुषों से अलग-अलग पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि गेस्ट हाउस में कथित अनैतिक गतिविधियां कब से संचालित हो रही थीं और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।पुलिस इस बात की भी जानकारी जुटा रही है कि गेस्ट हाउस का संचालक कौन है, इस धंधे में किसी संगठित गिरोह की भूमिका है या नहीं और अन्य लोगों का नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है।

गेस्ट हाउस की आड़ में चल रहे धंधे पर पुलिस की कार्रवाई से मचा हड़कंप

राजधानी के रिहायशी और व्यावसायिक इलाकों में गेस्ट हाउस की आड़ में कथित अनैतिक गतिविधियों को लेकर इस कार्रवाई ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। मामले में पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।हालांकि, पुलिस की ओर से अभी विस्तृत आधिकारिक जानकारी और गिरफ्तार लोगों की भूमिका का पूरा खुलासा नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही इस कथित देह व्यापार के नेटवर्क और इसके संचालकों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

रिपोर्ट- अनिल कुमार